युवाओं को विकसित भारत विज़न 2047 से जोड़ने की पहल*

जिले में आयोजित होगा ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम*
*युवाओं को विकसित भारत विज़न 2047 से जोड़ने की पहल*
सितम्बर 2026// छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत विज़न 2047’ से जोड़ने तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का राज्य स्तरीय शुभारंभ 31 अगस्त 2026 को जिला बीजापुर से किया गया। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में प्रत्येक जिले में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए जिले में लगभग 1,000 युवाओं की क्षमता वाले सुविधायुक्त सभागार/ऑडिटोरियम का चयन कर बैठक व्यवस्था, ध्वनि, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1,000 युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 11वीं के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन प्रावीण्य छात्र, कला, साहित्य, संस्कृति एवं खेल क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले युवा, खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी, UPSC एवं CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं ITI के विद्यार्थी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजन एवं आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं को शामिल किया जाएगा। प्रतिभागियों का पंजीयन छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग की वेबसाइट एवं निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से कराया जाएगा।
दो घंटे 10 मिनट की अवधि वाले इस कार्यक्रम में तीन आमंत्रित विषय विशेषज्ञों द्वारा लगभग 1 घंटे 30 मिनट तक परिचर्चा की जाएगी। इसके बाद युवाओं के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर एवं सुझाव के लिए 40 मिनट निर्धारित होंगे। परिचर्चा में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के पश्चात वंदे मातरम्, राष्ट्रगान एवं छत्तीसगढ़ राज्यगीत के गायन से किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर MyBharat पोर्टल एवं युवा आयोग की वेबसाइट के QR Code युक्त स्टैंडी लगाए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कटआउट युक्त सेल्फी ज़ोन भी स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रम के सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार में YuvaUdaanCG का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों एवं परिचर्चा के निष्कर्षों को संकलित कर कार्यक्रम के एक सप्ताह के भीतर समग्र प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा तथा आगामी नीतिगत क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग को प्रेषित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के आयोजन में होने वाले आवश्यक व्यय का वहन छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग को उपलब्ध बजट आवंटित निधि से, आयोग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए किया जाएगा। जिले में युवाओं की अधिकतम एवं सार्थक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।



