छत्तीसगढ़

महतारी वंदन की राशि से बेटी का संवार रही भविष्य

महतारी वंदन की राशि से बेटी का संवार रही भविष्य

हर माह सुकन्या समृद्धि में जमा करती हैं 200 रुपए

 अगस्त 2026// महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ उनके परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने का माध्यम भी बन रही है। जिले के ओरछा विकासखंड के ग्राम रानीबेड़ा निवासी श्रीमती दयारो बती नुरेटी इस योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए कर रही हैं।

          श्रीमती दयारो बती नुरेटी बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत उनके खाते में हर माह मिलने वाली राशि से वे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ ही अपनी बेटी के भविष्य के लिए भी बचत कर रही हैं। वे हर माह 200 रुपए की राशि सुकन्या समृद्धि योजना में अपनी बेटी के नाम जमा करती हैं।

          उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी बचत भविष्य में बड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होती है। इसी सोच के साथ वे महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से 200 रुपए अपनी बेटी के नाम सुरक्षित भविष्य के लिए जमा कर रही हैं। उनका उद्देश्य है कि जब बेटी बड़ी हो, तो उसकी पढ़ाई, शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए परिवार के पास आर्थिक सहारा उपलब्ध हो।

          दयारो बती कहती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने महिलाओं को अपनी जरूरतों के संबंध में निर्णय लेने और परिवार के भविष्य के लिए कुछ बचत करने का अवसर दिया है। पहले जहां छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब योजना की राशि से वे अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ बेटी के भविष्य के लिए भी योगदान कर पा रही हैं।

          दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में रहने वाली दयारो बती की यह पहल यह संदेश देती है कि बेटी के बेहतर भविष्य के लिए बड़ी रकम नहीं, बल्कि नियमित रूप से की गई छोटी-छोटी बचत भी महत्वपूर्ण होती है। महतारी वंदन योजना की आर्थिक सहायता को बचत से जोड़कर उन्होंने अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाया है।

          आज दयारो बती जैसी महिलाएं सरकारी योजनाओं से मिलने वाली सहायता का उपयोग केवल वर्तमान की जरूरतों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने के लिए भी कर रही हैं।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button