विधायक पूजा पाल, पूर्व DGP प्रशांत कुमार, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती का नाम शामिल

प्रयागराज के तीन VIP की सुरक्षा अब और मजबूत कर दी गई है। उत्तर प्रदेश शासन ने विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की उपाध्यक्ष पूजा पाल, वासुदेवानंद सरस्वती महाराज और पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को विशेष बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई है। बताया जा रहा है कि एक जैकेट की कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक है। ये जैकेट असॉल्ट राइफल से होने वाली गोलीबारी से बचाव के लिए इस्तेमाल की जाती हैं।सबसे ज्यादा चर्चा में ये नाम इन तीनों में पूजा पाल का नाम सुरक्षा के लिहाज से सबसे ज्यादा चर्चा में है। उनके पति और तत्कालीन बसपा विधायक राजू पाल की वर्ष 2005 में हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद से पूजा पाल लगातार अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग करती रही हैं। उन्होंने कई मौकों पर शासन को पत्र भेजकर माफिया और उनके गुर्गों से खतरे की आशंका भी जताई थी।
एस्कॉर्ट के साथ वाई-प्लस सुरक्षा पूजा पाल को पहले से ही एस्कॉर्ट के साथ वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। उनके साथ प्रदेश के कई अन्य प्रमुख लोगों को भी इसी श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इनमें मंत्री संजय निषाद, विधायक पंकज सिंह, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, पूर्व राज्यपाल फागू चौहान, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव, पूर्व डीजीपी एवं राज्यसभा सदस्य बृजलाल, पूर्व सांसद राजवीर सिंह और काशी के सतुआ बाबा शामिल हैं।
असॉल्ट राइफल के बर्स्ट से बचाने में सक्षम सुरक्षा मुख्यालय की ओर से इन बुलेटप्रूफ जैकेटों की खरीद की गई है। सुरक्षा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जैकेट को असॉल्ट राइफल से होने वाली गोलीबारी के दौरान सुरक्षा देने के लिहाज से तैयार किया गया है। हालांकि शासन ने आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन तीनों को जैकेट देने के पीछे कौन सा विशेष सुरक्षा इनपुट या खतरे का आकलन रहा है। 2027 के चुनाव से पहले बढ़ेगी सुरक्षा की चुनौती उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। भाजपा के साथ सपा, बसपा, कांग्रेस समेत दूसरे दल भी संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। चुनाव नजदीक आने के साथ बड़े नेताओं के दौरे, जनसभाएं और सार्वजनिक कार्यक्रम बढ़ेंगे। ऐसे में वीआईपी सुरक्षा को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।



