डिब्बे में रखे गुड़ को पिघलने और चिपचिपा होने से कैसे बचाएं? फॉलो करें ये स्टोरेज टिप्स

गुड़ भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है. गुड़ का इस्तेमाल चाय से लेकर लड्डू, खीर और कई तरह की मिठाइयों में किया जाता है. बहुत से लोग खाना खाने के बाद थोड़ा-सा गुड़ खाना भी पसंद करते हैं. लेकिन जब इसके स्टोरेज की बात आए तो थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत पड़ती है. क्योंकि कई बार इसकी ऊपरी सतह इतनी गीली दिखाई देती है कि लगता है जैसे गुड़ पिघल रहा हो. बारिश और ज्यादा नमी वाले मौसम में यह समस्या और बढ़ जाती हैदरअसल, गुड़ हवा में मौजूद नमी को सोख लेता है, जिसके कारण उसकी बनावट बदलने लगती है. अगर इसे सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो यह जल्दी खराब भी हो सकता है. ऐसे में गुड़ को लंबे समय तक ठीक रखने के लिए उसे नमी और हवा से बचाना जरूरी है. आइए जानते हैं गुड़ को स्टोर करने का सही तरीका और किन गलतियों से बचना चाहिए.
गुड़ को कैसे स्टोर करें?
एयरटाइट डिब्बे में रखें
गुड़ को नमी से बचाने के लिए पैकेट खोलने के बाद इसे तुरंत एयरटाइट कंटेनर में रखें. कांच का जार या अच्छी तरह बंद होने वाला कंटेनर इसके लिए बेहतर विकल्प है. डिब्बे का ढक्कन अच्छी तरह बंद होना चाहिए ताकि बाहर की हवा और नमी अंदर न जा सके.
सही जगह पर रखें
गुड़ को हमेशा ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखें. इसे गैस चूल्हे, सिंक या ऐसी जगह रखने से बचें जहां भाप और नमी ज्यादा रहती हो. बरसात में गुड़ को खुले डिब्बे या ढीले पैकेट में रखना सही नहीं है.
क्या फ्रिज में रखना चाहिए?
गुड़ को फ्रिज में रखने से वह बहुत सख्त हो सकता है. इसके अलावा फ्रिज से बाहर निकालने पर तापमान में बदलाव के कारण उसकी सतह पर नमी जम सकती है, जिससे गुड़ फिर चिपचिपा हो सकता है. इसलिए सामान्य तौर पर एयरटाइट डिब्बे में सूखी जगह पर रखना बेहतर है.
बड़े टुकड़े को ऐसे संभालें
अगर गुड़ का बड़ा टुकड़ा है तो जरूरत के अनुसार इसे छोटे हिस्सों में बांटकर एयरटाइट जिपलॉक बैग में रखें और अतिरिक्त हवा निकाल दें. फिर इसे कंटेनर में बंद करके स्टोर करें. बहुत सख्त गुड़ को कुछ सेकंड हल्का गर्म करके नरम किया जा सकता है. माइक्रोवेव में इसे लगभग 10-15 सेकंड ही गर्म करें और ज्यादा गर्म करने से बचें, क्योंकि पिघला हुआ गुड़ बेहद चिपचिपा और जलाने वाला हो सकता है.



