खास खबरछत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

8 दिनों से फूटी पेयजल पाइपलाइन, पानी के लिए तरसे लोग; सड़क खुदी होने से बढ़ी परेशानी, अरुण वोरा ने किया निरीक्षण

दुर्ग। शहर के गया नगर से चंडी मंदिर होते हुए तमेरपारा जाने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले आठ दिनों से पेयजल की मुख्य पाइपलाइन फूटी होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है। वहीं मरम्मत के लिए सड़क खोदे जाने और लगातार बारिश के चलते मार्ग पर कीचड़ फैल गया है, जिससे आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
समस्या की जानकारी मिलने पर दुर्ग शहर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा मौके पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान पूर्व एल्डरमैन मनीष यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।
वोरा ने मौके से ही कलेक्टर अभिजीत सिंह से दूरभाष पर चर्चा कर पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने और प्रभावित इलाकों में वैकल्पिक रूप से टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
इसके बाद अरुण वोरा ने नगर निगम की जल प्रभारी लीना दिनेश देवांगन से भी फोन पर चर्चा की। उन्होंने पाइपलाइन की जल्द मरम्मत कराने के साथ प्रभावित परिवारों को नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी।
सड़क खुदी, बारिश से कीचड़ और यातायात प्रभावित
गया नगर–चंडी मंदिर–तमेरपारा मार्ग शहर का प्रमुख और व्यस्त मार्ग है। सड़क खोदे जाने और बारिश के कारण यहां कीचड़ की स्थिति बन गई है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
वोरा ने प्रशासन पर साधा निशाना
अरुण वोरा ने आरोप लगाया कि आठ दिनों से मुख्य पाइपलाइन फूटी होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान है और सड़क खोदे जाने से आवागमन की समस्या भी बनी हुई है।

वोरा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पाइपलाइन की मरम्मत और पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप
स्थानीय वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने पाइपलाइन और पेयजल समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों की मांग है कि पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर सड़क को भी व्यवस्थित किया जाए और तब तक प्रभावित क्षेत्रों में नियमित टैंकरों से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Back to top button