जुलाई-अगस्त में करें तमिलनाडु की इन खूबसूरत जगहों की सैर, इन तरीकों की मदद से यादगार बना सकते हैं ट्रिप

बारिश के दौरान पहाड़, झरने और हरियाली से भरे नजारे और भी खूबसूरत नजर आते हैं। अगर आप जुलाई-अगस्त में किसी ऐसी जगह पर घूमने का प्लान कर रहे हैं, जहां प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ शांति और सुकून भी मिले, तो तमिलनाडु बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यहां पर कई ऐसी जगहें हैं जिन्हें आप एक्सप्लोर कर सकते हैं। आइए जानते हैं उन जगहों के बारे में जहां आप एक यादगार ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
तमिलनाडु में घूमने की बेहतरीन जगहें
होगेनक्कल वॉटरफॉल
होगेनक्कल फॉल्स भारत के दो राज्यों की सीमा पर है। तमिलनाडु के धर्मपुरी जिले और कर्नाटक के चामराजनगर जिले की सीमा पर कावेरी नदी पर यह वाटर फॉल स्थित है। यहां पर बोटिंग का भी आनंद ले सकते हैं। प्रकृति की खूबसूरती को करीब से अनुभव करने के लिए यह जगह बेहतरीन मानी जाती है।
कोल्ली हिल्स
यह जगह अपनी प्राकृतिक सुंदरता की वजह से मशहूर है। यहां अगाया गंगाई वॉटरफॉल देख सकते हैं, जो जंगलों में स्थित करीब 300 फीट की ऊंचाई से गिरता है। इसके अलावा यहां अरापालेश्वर मंदिर भी जा सकते हैं, जो एक प्रसिद्ध शिव मंदिर है।
कोडाइकनाल
तमिलनाडु में नीलगिरी पहाड़ियों पर बसा खूबसूरत शहर कोडाइकनाल बहुत ही शानदार जगह है। यहां आप कोडाइकनाल झील, बेरिज्म झील और ब्रायंट पार्क को एक्सप्लोर कर सकते हैं। परिवार के साथ वेकेशन मनाने के लिए यह अच्छी जगह साबित होगी।
ऊटी
नीलगिरी पहाड़ियों पर स्थित ऊटी तमिलनाडु का खूबसूरत हिल स्टेशन है। मानसून ट्रिप के लिए यह जगह बहुत ही बेहतरीन रहेगी। बच्चों के साथ यहां पर टॉय ट्रेन की सवारी का मजा ले सकते हैं। ठंडे मौसम, हरियाली और शानदार नजारों को देखने के लिए यह जगह बेहतरीन है।
कुन्नूर
तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में स्थित एक खूबसूरत हिल स्टेशन कुन्नूर ऊटी से करीब 20 किमी दूर स्थित है। यहां पर आप चाय के बागान, शांत वातावरण और प्राकृतिक खूबसूरती को करीब से अनुभव कर सकते हैं। प्राकृतिक जगहों के शौकीन लोगों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
ट्रिप यादगार बनाने के तरीके
पहले से करें प्लानिंग
अगर आप तमिलनाडु घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो सबसे पहले यहां के मौसम की जानकारी और रुकने की व्यवस्था पहले से कर लें। इससे सफर आसान हो जाएगा और समय भी बचेगा। साथ ही घूमने की जगहें भी तय कर लें।
सही कपड़ों का चुनाव
मानसून के दौरान बैग में ऐसे कपड़ों को रखें जो जल्दी सूख सकें। साथ में रेनकोट और छाता रखें जिससे अचानक भीगने से बचा जा सके। इसके अलावा आरामदायक कपड़े और फुटवियर चुनें जो वॉटरप्रूफ हों।
लोकल फूड का लें आनंद
तमिलनाडु में पारंपरिक डिशेज ट्राई करें जैसे इडली, डोसा, पोंगल और फिल्टर कॉफी। महंगे रेस्टोरेंट में खाने की बजाय आप स्ट्रीट फूड ट्राई कर सकते हैं, जिससे बजट का भी ध्यान रखा जा सकेगा।
कल्चर को करीब से जानें
जिस जगह आप जा रहे हैं, वहां के मंदिरों, स्थानीय बाजारों और पारंपरिक जगहों के बारे में जानें। इससे आपको वहां की संस्कृति को समझने का मौका मिलेगा और ट्रिप यादगार बन सकेगी।



