छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बम्हनी में 29.20 लाख से निर्मित महतारी सदन का किया लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बम्हनी में 29.20 लाख से निर्मित महतारी सदन का किया लोकार्पण

महतारी सदन से गांव की महिलाएं होंगी संगठित और आत्मनिर्भर-उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा

महिलाओं को मिला सशक्तिकरण का नया केंद्रकवर्धा, 20 फरवरी 2026। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और संगठित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्राम बम्हनी में 29.20 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य डॉ वीरेन्द्र साहू, जिला लोधी समाज अध्यक्ष श्री संतोष कौशिक, श्री सुरेश सिंगौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है और इसके लिए गांव स्तर तक ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। महतारी सदन बनने से क्लस्टर स्तर पर महिलाओं की बैठक, प्रशिक्षण, सामाजिक कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियों के लिए एक स्थायी एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह भवन ग्रामीण महिलाओं के लिए केवल बैठक स्थल नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सामूहिक विकास का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक महतारी सदन में दुकानों का भी निर्माण किया गया है, जिससे भवन के संचालन और रखरखाव का खर्च स्वयं पूरा किया जा सकेगा। इससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर भी मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि कबीरधाम जिला को महतारी सदन योजना के अंतर्गत 19 महतारी सदनों की महत्वपूर्ण सौगात मिली है, जिनका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इससे पहले जिले में 5 महतारी सदनों का लोकार्पण मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जा चुका है। इन भवनों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर संसाधन, प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर और सामाजिक मंच उपलब्ध होंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का संचालन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि, वृद्धा पेंशन तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ गांव में ही आसानी से मिल सकेगा। अब हितग्राहियों को बैंक या शहर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह सुविधा ग्रामीण महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में भी कई विकास कार्य चल रहे हैं। भोरमदेव विद्यापीठ में निःशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं और नालंदा परिसर का निर्माण शुरू हो चुका है। साथ ही बूढ़ा महादेव परिसर में कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं तथा भोरमदेव पर्यटन क्षेत्र के उन्नयन का कार्य भी जारी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा में विकास की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। रायपुर-बिलासपुर मार्ग को फोरलेन बनाने और कवर्धा प्रवेश मार्ग को बेहतर बनाने के लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे आने वाले समय में आवागमन और भी सुगम होगा।

Related Articles

Back to top button