एनईआई बिलासपुर में हुआ रेलवे पेंशनर्स के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (फेस आधारित) जमा करने हेतु मेगा कैंप का आयोजन ।21 नवम्बर को कोरबा, 24 नवम्बर को शहडोल, 25 नवम्बर को अनूपपुर, 26 नवम्बर को पेंड्रारोड तथा 28 नवम्बर 2025 को मनेन्द्रगढ़ स्टेशन में होगा कैम्प का आयोजन |

एनईआई बिलासपुर में हुआ रेलवे पेंशनर्स के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (फेस आधारित) जमा करने हेतु मेगा कैंप का आयोजन ।
21 नवम्बर को कोरबा, 24 नवम्बर को शहडोल, 25 नवम्बर को अनूपपुर, 26 नवम्बर को पेंड्रारोड तथा 28 नवम्बर 2025 को मनेन्द्रगढ़ स्टेशन में होगा कैम्प का आयोजन |
छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू ब्यूरो रिपोर्ट/ 19 नवम्बर 2025
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) के निर्देशानुसार रेलवे बोर्ड द्वारा सभी जोनल रेलों में 01 से 30 नवम्बर, 2025 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 4.0 आयोजित किया जा रहा है । इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों के डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपने घर से या अपनी पेंशन वितरण बैंक शाखा से डिजिटल रूप में जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) जमा करने में सुविधा प्रदान करना है ।
इसी क्रम में, आज दिनांक 19 नवम्बर 2025 को एनईआई सभागार बिलासपुर में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट मेगा कैंप आयोजित किया गया । इस कैम्प मे बिलासपुर मण्डल के 228 सेवानिर्वित्त कर्मचारी का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाया गया। यह कैम्प दक्षिण पूर्व रेलवे की सीपीओ एडमिन श्रीमती दर्शनीता बी अहलुवालिया के दिशा निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अंशुमान मिश्रा, मंडल कार्मिक अधिकारी रुहीना तुफ़ैल खान की देखरेख मे सम्पन्न हुआ। यह अभियान 30 नवम्बर 2025 तक मंडल के बंदोबस्त अनुभाग एवं लेखा विभाग मे भी जारी रहेगा। इच्छुक कर्मचारी अपने पीपीओ और आधार कार्ड के साथ इन कार्यालय मे कार्य दिवस मे संपर्क कर सकते हैं ।
उल्लेखनीय है कि यह अभियान मंडल के विभिन्न स्टेशनों में भी चलाया जा रहा है | 21 नवम्बर 2025 को कोरबा स्टेशन में, 24 नवम्बर 2025 को शहडोल स्टेशन में , 25 नवम्बर 2025 को अनूपपुर स्टेशन में , 26 नवम्बर 2025 को पेंड्रारोड स्टेशन में , 28 नवम्बर 2025 को मनेन्द्रगढ़ स्टेशन में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंप आयोजित किया जा रहा है |
रेलवे प्रशासन द्वारा सभी पेंशनभोगियों से आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम स्टेशन पर आयोजित इस विशेष डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंप में उपस्थित होकर इस निःशुल्क फेस-आधारित सुविधा का लाभ अवश्य प्राप्त करें।



