छत्तीसगढ़

महासमुन्द में डी.एल.एड. परीक्षा केन्द्रों की संख्या बढ़ाए माशिम : अभाविप D.El.Ed in Mahasamund Increase the number of examination centers : ABVP

*महासमुन्द में डी.एल.एड. परीक्षा केन्द्रों की संख्या बढ़ाए माशिम : अभाविप*

_कहा कि 300 परीक्षार्थियों को एक केन्द्र में बुलाना परीक्षार्थियों एवं स्टाफ दोनों के लिए होगा खतरनाक_

*महासमुन्द।*अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की महासमुन्द इकाई ने माशिम द्वारा आयोजित की जाने वाली आगामी डी.एल.एड. परीक्षा हेतु नगर में परीक्षा केन्द्रों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
अभाविप के नगर मंत्री कुम्भज चन्द्राकर ने बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा डीएलएड की परीक्षा प्रत्यक्ष उपस्थिति के साथ कराने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में जाकर परीक्षा देना होगा। हालांकि प्रत्यक्ष उपस्थिति के साथ परीक्षाओं का आयोजन हमारी चरमराई शिक्षा व्यवस्था के लिए राहत की बात है, लेकिन कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए विचार करें तो परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर परीक्षा केन्द्रों की संख्या कम प्रतीत हो रहीं हैं।
मण्डल द्वारा जारी परीक्षा केन्द्रों की सूची के अनुसार महासमुन्द नगर के दो महाविद्यालयों, नामत: जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (DIET) एवं इण्डियन कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन के 294 परीक्षार्थियों को DIET के रूप में केवल एक ही परीक्षा केन्द्र आबण्टित किया गया है। कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुसार भौतिक दूरी एवं अन्य सावधानियों के साथ इतनी बड़ी संख्या में वहाँ परीक्षा कराना संभव ही नहीं है। ऐसे में परीक्षार्थियों में भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है। इतनी संख्या में एक ही स्थान पर परीक्षा लेना परीक्षार्थियों के साथ-साथ परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की सेहत के लिए घातक हो सकता है।
इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने माशिम के सचिव के समक्ष यह मांग रखी है कि परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर महासमुन्द नगर में परीक्षा केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जाए ताकि परीक्षार्थी कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए निश्चिन्तता से परीक्षा दे सकें।

*(यह प्रेस विज्ञप्ति नगर कार्यालय मंत्री गुलाब ठाकुर द्वारा जारी की गई है।)*

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button