छत्तीसगढ़

कोंडागांव: 22 जनवरी को जिला स्तरीय प्रदर्शन करेगी भाजपा

कोंडागांव 20 जनवरी। प्रदेश सरकार की धान खरीदी नीति के विरोध में विधानसभा स्तर पर आंदोलन को मिली सफलता से उत्साहित भाजपा 22 जनवरी को होने वाले जिला स्तरीय आंदोलन की तैयारी में जुट गई हैं। जिला अध्यक्ष दिपेश अरोरा द्वारा आंदोलन की रूप रेखा तय करने के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय की उपस्थिति में स्थानीय विश्रामगृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मीडिया को अवगत करवाते कहा कि आंदोलन को जिस तरह जनसमर्थन मिला है, उससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार की धान खरीदी को लेकर किसानों में नाराजगी व्याप्त है।

प्रेस वार्ता के दौरान राज्य की कांग्रेस सरकार को कोसते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने कहा कि यह मुद्दा अन्नादाता किसान से जुड़ा हुआ है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लोकलुभावन वायदों से धोखा खाया किसान, उम्मीद भरी नजरों से भाजपा की ओर देख रहा है। पंजाब में भी कांग्रेस की सरकार है पर वहां की सरकार किसानों का धान खरीदी कर रही है न कि बारदाना का रोना रो रही है। राज्य सरकार की इसी वादाखिलाफी, धान खरीदी की अव्यवस्था, उपार्जन केन्द्र की वर्तमान स्थिति, रकबा कटौती जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा 22 जनवरी को समूचे प्रदेश में जिला स्तर पर एक दिवसीय धरना आयोजित करेगी। इसी क्रम में कोंडागाँव में भी एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से किसानों की हित की बात राज्य सरकार तक पहुचाने के साथ ही अन्नदाताओं के हक की आवाज़ बुलंद की जाएगी। उक्त प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेण्डी, प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप, जिला प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

Related Articles

Back to top button