सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति संकल्प पूर्ति पर सिद्ध खेड़ापति हनुमान महाराज मंदिर प्रांगण, कवर्धा में हनुमंत भंडारा का आयोजन

सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति संकल्प पूर्ति पर सिद्ध खेड़ापति हनुमान महाराज मंदिर प्रांगण, कवर्धा में हनुमंत भंडारा का आयोजन
कवर्धा, 01 अप्रैल 2026 सबका संदेश न्यूज
31 मार्च 2026 तक बस्तर सहित छत्तीसगढ़ से सशस्त्र नक्सलवाद के पूर्णतः समाप्त होने की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिनांक 02 अप्रैल 2026 को कवर्धा स्थित सिद्ध खेड़ापति हनुमान महाराज मंदिर में पावन हनुमंत भंडारा का आयोजन किया जा रहा है।
इस पावन अवसर पर प्रदेश में स्थापित शांति, सुरक्षा एवं समृद्धि के नए युग का अभिनंदन करते हुए ईश्वर के प्रति आभार प्रकट किया जाएगा।
गत चार दशकों से अधिक समय तक छत्तीसगढ़ नक्सलवाद की समस्या से जूझता रहा। विशेषकर बस्तर अंचल में इस समस्या का व्यापक प्रभाव देखने को मिला, जहां हजारों निर्दोष लोगों की जान गई, विकास कार्य बाधित हुए और आम जन-जीवन भय एवं असुरक्षा के वातावरण में व्यतीत होता रहा। बस्तर सहित प्रदेश के कई जिले, जिनमें कबीरधाम भी शामिल है, इस समस्या से प्रभावित रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में नक्सलवाद के समूल उन्मूलन की दिशा में यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। दशकों से चले आ रहे हिंसा एवं भय के इस दौर के समाप्त होने से आमजन में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के गृह मंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा की भूमिका इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण रही है। साथ ही, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम एवं बलिदान के कारण ही यह सफलता संभव हो सकी है।
कार्यक्रम के अंतर्गत शहीद जवानों के पावन बलिदान का स्मरण करते हुए भगवान खेड़ापति हनुमान जी महाराज का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की जाएगी। भंडारे का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे से किया जाएगा।
कवर्धा के माटीपुत्र श्री विजय शर्मा ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से सादर उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर के साक्षी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि खेड़ापति हनुमान जी महाराज की असीम कृपा से वह लक्ष्य प्राप्त हुआ, जिसे वर्षों तक असंभव माना जाता था। प्रभु श्रीराम के परम भक्त, अंजनीनंदन हनुमान जी की कृपा से आज छत्तीसगढ़ शांति के मार्ग पर अग्रसर हुआ है। आइए, हम सभी इस पावन अवसर पर उनके श्रीचरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त करें।


