निदान 1100 के माध्यम से निगम ने 9610 शिकायतों का समय-सीमा में किया निराकरण , Corporation resolved 9610 complaints in time-limit through Nidan 1100

भिलाई। निगम प्रशासन ने निदान-1100 में शहर से ऑनलाइन दर्ज सड़क, बिजली, पानी, साफ-सफाई सहित अन्य समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण कर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ग्रेडिंग में ए ग्रेड हासिल कर रही है। निगम प्रशासन ने निदान-1100 में ऑनलाइन शिकायत प्राप्त होने के बाद न केवल निर्धारित समय सीमा में निराकरण किया बल्कि निगम आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी के निर्देशानुसार निराकरण के बाद शिकायतकर्ता के फोन नंबर पर संपर्क कर फीडबैक लेने का कार्य भी किया है। ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली की रिपोर्ट के अनुसार शहर से निदान-1100 में 1 जून 2021 से 23 अगस्त 2021 तक कुल 11432 शिकायतें दर्ज हुई। इनमें से 11168 शिकायतों का निगम ने निराकरण कर दिया है तथा इसमें से 9610 शिकायतों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया। यानी कि निगम के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर 84.06 फीसद शिकायतों का निराकरण कर लिया। टोल फ्री नंबर 1100 पर कई तरह की शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं। इनमें स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, मलबा उठाव, मृत जानवर, पेयजल, सड़क, सार्वजनिक शौचालक, आवारा पशुओं से होने वाली परेशानियों, जाम नाली, पेंशन समस्याएं सहित अन्य छोटी-छोटी समस्याओं को ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकती है।