सोशल मीडिया की आजादी, लेकिन मर्यादा भी जरूरी : प्रवीण झा

सोशल मीडिया की आजादी, लेकिन मर्यादा भी जरूरी : प्रवीण झा
छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू की रिपोर्ट l
छठ पूजा समिति बिलासपुर के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। कॉमेडियन द्वारा की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म, पर्व, क्षेत्र या महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।
माफी से नहीं, निष्पक्ष कार्रवाई से मिलेगा न्याय : रौशन सिंह
छठ पूजा समिति बिलासपुर के सदस्य रौशन सिंह ने कहा कि हमारी मांग किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने की नहीं, धार्मिक आस्था और महिलाओं के सम्मान की रक्षा की है। किसी भी व्यक्ति को लोकप्रियता हासिल करने के लिए समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। वीडियो हटाने या माफी मांगने भर से विवाद की गंभीरता समाप्त नहीं हो जाती। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। बिलासपुर का सर्व समाज अपनी सांस्कृतिक अस्मिता के अपमान पर चुप नहीं बैठेगा।
आखिर कौन हैं कॉमेडियन , जिसने खड़ा किया देशव्यापी विवाद
यश माहेश्वरी राजस्थान के जयपुर निवासी स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। वे दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी सर्किट में सक्रिय हैं और ‘अलमोस्ट यश’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं। विवाद की शुरुआत उनके स्टैंडअप शो से हुई, जिसका वीडियो 21 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड किया गया। इसमें उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा पर अश्लील टिप्पणी की। सिंदूर की लंबाई की तुलना पुरुषों के निजी अंग से करने और बिहार की महिलाओं को लेकर किए गए दूसरे विवादित मजाक के अंश सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। विरोध बढ़ने पर उन्होंने वीडियो जारी कर सार्वजनिक माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की। इसके बावजूद मामला थमा नहीं। 24 नवंबर को पटना साइबर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। 26 नवंबर को दिल्ली के साकेत थाने में भी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इसी कड़ी में बिलासपुर में भी मांग की गई है।
छठ पूजा समिति के अभय नारायण राय, सुधीर झा, विजय ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, कुमुद रंजन सिंह, प्रशांत सिंह, राजीव गिरी, राजीव कुमार, सी एम सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, शशि नारायण मिश्रा, सतीश सिंह, रविंद्र कुशवाहा, धीरज झा, विकास राय, भरत भूषण झा, पंकज सिंह, विनोद सिंह, राम गोस्वामी, राजेश्वर शर्मा, बृजराज सिंह, मनोज सिंह, जटाशंकर झा, ऋषि सिंह सहित बड़े संख्या में नगरवासी एवं छठ पूजा समिति के पदाधिकारी सदस्यगण उपस्थित रहें l


