समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से मेहनत को मिल रहा उचित मूल्य, समय पर भुगतान से खेती के अगले सीजन की तैयारी हुई आसान

पांच एकड़ में उगाया धान, ऑनलाइन टोकन से आसानी से बेची 45.60 क्विंटल उपज, खुश हैं किसान काशीराम साहू
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से मेहनत को मिल रहा उचित मूल्य, समय पर भुगतान से खेती के अगले सीजन की तैयारी हुई आसान
कवर्धा 26 नवंबर 2026। खेतों में महीनों की मेहनत के बाद जब किसान की उपज अच्छे मूल्य पर बिकती है और उसका भुगतान समय पर मिलता है, तो उसे खेती की मेहनत का वास्तविक संबल मिलता है। छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए ऐसी ही राहत लेकर आई है। ऑनलाइन टोकन की सुविधा ने धान विक्रय की प्रक्रिया को भी पहले से अधिक आसान बना दिया है। ग्राम सोनपुरी रानी के किसान श्री काशीराम साहू ने इस व्यवस्था का लाभ उठाते हुए पांच एकड़ में उत्पादित धान में से 45.60 क्विंटल धान का विक्रय किया है।
ग्राम सोनपुरी रानी निवासी श्री काशीराम साहू के पास कुल पांच एकड़ कृषि भूमि है। वे इसी भूमि पर धान की खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस खरीफ सीजन में उन्होंने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर 45.60 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा। श्री साहू बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन की सुविधा से किसानों को काफी राहत मिली है। अब टोकन के लिए समिति में बार-बार जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। मोबाइल से ही टोकन प्राप्त हो जाता है, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होती है। समर्थन मूल्य पर धान विक्रय होने से उपज का उचित मूल्य मिलता है और समय पर भुगतान से खेती के जरूरी कार्यों के लिए राशि की उपलब्धता बनी रहती है।
श्री काशीराम बताया कि धान विक्रय से प्राप्त होने वाली राशि किसानों के लिए काफी महत्वपूर्ण होती है। इससे खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री की व्यवस्था करने के साथ परिवार की जरूरतें भी पूरी करने में मदद मिलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में संचालित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। राज्य शासन द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और धान विक्रय की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए समर्थन मूल्य पर खरीदी के साथ ऑनलाइन टोकन जैसी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य किसानों का समय बचाना, खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना है।



