छत्तीसगढ़

दुग्ध उत्पादन से किसानों की समृद्धि को मिलेगी नई दिशा, कलेक्टर ने किया दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र का उद्घाटन, पंडरा पथरा में स्थापित 2 हजार लीटर क्षमता के संयंत्र से 20 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ, राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर किसान संगोष्ठी, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाने पर कलेक्टर ने दिया जोर

दुग्ध उत्पादन से किसानों की समृद्धि को मिलेगी नई दिशा, कलेक्टर ने किया दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र का उद्घाटन, पंडरा पथरा में स्थापित 2 हजार लीटर क्षमता के संयंत्र से 20 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ, राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर किसान संगोष्ठी, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाने पर कलेक्टर ने दिया जोर

बिलासपुर, 26 नवंबर 2026/ दुग्ध उत्पादन को किसानों की नियमित आमदनी का मजबूत जरिया बनाने की दिशा में जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने बेलगहना क्षेत्र के ग्राम पंडरा पथरा में 2 हजार लीटर क्षमता के दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र (बल्क मिल्क कूलर) का फीता काटकर उद्घाटन किया। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) एवं छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ द्वारा डेयरी समग्र विकास योजना के तहत यह संयंत्र स्थापित किया गया है। इस अवसर पर देश में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर आयोजित किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही देश की समृद्धि संभव है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र की स्थापना किसानों की आर्थिक उन्नति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सही दिशा में मेहनत और बेहतर कार्ययोजना से इस क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन की व्यापक संभावनाओं को साकार किया जा सकता है।
कलेक्टर ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुओं के स्वास्थ्य, पोषण, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती चारे की उपलब्धता से लेकर दूध के सुरक्षित संग्रहण और समय पर प्रसंस्करण तक की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने किसानों, विभागीय अधिकारियों एवं दुग्ध महासंघ के प्रतिनिधियों को मिलकर समन्वित कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के माध्यम से भी किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ने दुग्ध महासंघ के अधिकारियों से किसानों को निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन देने और दुग्ध व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपेक्षा की।
कलेक्टर ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे संविधान ने प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान किए हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश से आने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत और लगन से देश के सर्वाेच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने किसानों को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। पंडरा पथरा दुग्ध संग्रहण केंद्र से वर्तमान में 20 गांवों के लगभग 100 किसान जुड़े हुए हैं। केंद्र में सुबह एवं शाम 200-200 लीटर सहित प्रतिदिन लगभग 400 लीटर दूध का संग्रहण किया जा रहा है। आगामी चार से पांच महीनों में प्रतिदिन 2 हजार लीटर तक दूध संग्रहण होने की संभावना है। किसानों को प्रत्येक 10 दिन में दूध की राशि का भुगतान किया जा रहा है। शीतलीकरण संयंत्र की सुविधा मिलने से दूध की गुणवत्ता बनाए रखने, सुरक्षित संग्रहण एवं बेहतर विपणन में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को दुग्ध व्यवसाय से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
राज्य शासन के सहयोग से दुग्ध महासंघ द्वारा किसानों को पशु चारा उपलब्ध कराने के साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने किसानों एवं पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, पशु पोषण एवं बेहतर पशुपालन प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर किसान श्री जुगल यादव एवं श्री मोहम्मद वाहिद अंसारी को लगभग 40 हजार रुपए मूल्य की चारा काटने की मशीन (चाफ कटर) अनुदान पर मात्र 6 हजार रुपए में उपलब्ध कराई गई। इससे किसानों को पशुओं के लिए चारा तैयार करने में सहूलियत होगी तथा समय और श्रम की बचत भी होगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जीएसएस तंवर, एनडीडीबी के श्री के.सी. बेहरा, ग्राम पंचायत की सरपंच, जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पशुपालक उपस्थित थे।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button