छत्तीसगढ़

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू राज्योत्सव-2026 के शुभारंभ एवं श्री सत्यसाईं संजीवनी अस्पताल के समारोह में हुए सम्मिलित, नवा रायपुर में नर्सिंग कॉलेज एवं डॉरमेटरी निर्माण का किया भूमिपूजन; 45 हजार बाल हृदय शल्यचिकित्साओं की उपलब्धि पर अस्पताल के सेवाभावी प्रयासों की सराहना की

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू राज्योत्सव-2026 के शुभारंभ एवं श्री सत्यसाईं संजीवनी अस्पताल के समारोह में हुए सम्मिलित, नवा रायपुर में नर्सिंग कॉलेज एवं डॉरमेटरी निर्माण का किया भूमिपूजन; 45 हजार बाल हृदय शल्यचिकित्साओं की उपलब्धि पर अस्पताल के सेवाभावी प्रयासों की सराहना की

नवा रायपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के भव्य शुभारंभ समारोह तथा श्री सत्यसाईं संजीवनी अस्पताल के बाल हृदय शल्यचिकित्सा उपलब्धि एवं भूमिपूजन समारोह में सम्मिलित हुए। दोनों आयोजनों में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की गरिमामयी उपस्थिति रही।

राज्योत्सव-2026 के शुभारंभ अवसर पर श्री साहू ने छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों, समृद्ध लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं की जीवंत झलक की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और विकास की यात्रा प्रदेश की विशिष्ट पहचान है। अपनी परंपराओं एवं सांस्कृतिक गौरव को संरक्षित रखते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करना हम सभी का सामूहिक संकल्प होना चाहिए।

इसी क्रम में श्री सत्यसाईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित समारोह के दौरान श्री साहू ने केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अस्पताल परिसर में नर्सिंग कॉलेज एवं डॉरमेटरी निर्माण का भूमिपूजन किया। इन सुविधाओं के निर्माण से नर्सिंग शिक्षा, स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर अस्पताल द्वारा अब तक 45,000 बाल हृदय शल्यचिकित्साएं पूर्ण किए जाने की उपलब्धि को रेखांकित किया गया। श्री साहू ने कहा कि हजारों नन्हे बच्चों को नया जीवन और उनके परिवारों को आशा की नई किरण देना मानव सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सेवाभावी सदस्यों के निःस्वार्थ समर्पण और योगदान की सराहना करते हुए उनका हृदय से अभिनंदन किया।

श्री साहू ने कहा कि श्री सत्यसाईं संजीवनी अस्पताल केवल उपचार का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और मानवता की भावना से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाने वाला संस्थान है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को गति देने के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और मानवीय सेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाना भी हमारी जिम्मेदारी है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सुशासन, जनकल्याण, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की महत्वपूर्ण भूमिका है।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button