कलेक्टर की अध्यक्षता में विकसित ग्राम पंचायत प्लान निर्माण हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

कलेक्टर की अध्यक्षता में विकसित ग्राम पंचायत प्लान निर्माण हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
स्थानीय जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और जनभागीदारी के आधार पर विकास कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश
अक्टूबर 2026// विकसित भारतदृजी राम जी (टठ-ळ त्।ड ळ) के अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) तैयार करने के उद्देश्य से 30 सितम्बर को कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में जिला पंचायत नारायणपुर के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले की ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया, प्राथमिकताओं और आवश्यक बिंदुओं के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। कलेक्टर जैन ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों की विकास कार्ययोजना स्थानीय जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की सहभागिता के आधार पर तैयार की जाए। उन्होंने गांव की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य की आवश्यकताओं का आकलन कर विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीणों के सुझावों को शामिल करते हुए समाज के सभी वर्गों की आवश्यकताओं को कार्ययोजना में स्थान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन, आधारभूत संरचना एवं समावेशी विकास से जुड़े कार्यों को योजना में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय प्राकृतिक एवं मानव संसाधनों का चिन्हांकन कर उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ाने वाले कार्यों को शामिल करने पर बल दिया। प्रशिक्षण के दौरान जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और स्थानीय स्तर पर जल प्रबंधन से संबंधित कार्यों को ग्राम पंचायत की जरूरतों के अनुरूप कार्ययोजना में शामिल करने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही कृषि, पशुपालन, वनोपज एवं अन्य स्थानीय गतिविधियों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्राम पंचायतों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न होकर ग्रामीणों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने से भी जुड़ा होना चाहिए।
प्रशिक्षण के माध्यम से सरपंचों, पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को वीजीपीपी निर्माण की प्रक्रिया और ग्राम स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। प्राप्त मार्गदर्शन के आधार पर ग्राम पंचायतों में स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, वनमंडलाधिकारी एमजी वेंकटेशा, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, ओरछा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित भाटिया, सहित तकनीकी सहायक, जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित थे।


