बैंक हड़ताल नहीं होगी अब जा खुले रहेंगे ,मिली आश्वासन

देशभर में सोमवार से प्रस्तावित तीन दिन की बैंक हड़ताल टल गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने रविवार को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) से मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद 28 से 30 सितंबर की हड़ताल स्थगित कर दी। हड़ताल का समय बैंकों की छमाही क्लोजिंग के साथ पड़ रहा था। अब सोमवार को बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे। यूएफबीयू के मुताबिक, आईबीए और यूनियनों की एक उच्चस्तरीय समिति तुरंत बनाई जाएगी। यह बाकी शनिवारों को भी बैंक अवकाश घोषित कर 5 दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग पर विचारकरेगी। समिति सभी संभावित विकल्पों पर चर्चा करेगी और कर्मचारियों, बैंकों व खास तौर पर ग्राहकों समेत सभी पक्षों को स्वीकार्य समाधान निकालने की कोशिश करेगी। स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों की प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) में बदलाव पर भी आईबीए से बातचीत शुरू होगी। आईबीए यूनियनों और अधिकारी संगठनों की आपत्तियों के आधार पर योजना में संशोधन का प्रस्ताव सरकार को दे सकता है। इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज बाकी लंबित मुद्दों पर जल्द समाधान के लिए बातचीत होगी। इन्हीं सहमतियों के बाद यूएफबीयू ने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल स्थगित कर दी।



