छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 पर ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ थीम के तहत राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन।

राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 पर ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ थीम के तहत राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की उपस्थिति में आयोजित हुआ समारोह, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं नशामुक्त भारत का दिया संदेश।

ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स सम्मानित, हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए किया गया रवाना।

राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ एवं ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। दिनांक 18 अक्टूबर को जिले में पहुंचने पर सिग्नल चौक, कवर्धा में ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का पुष्पमाला पहनाकर एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण एवं सकारात्मक गतिविधियों में लगाने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।

पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में हुआ भव्य अभिनंदन समारोह

दिनांक 19 अक्टूबर को पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, कबीरधाम में राष्ट्रीय बाइक रैली का अभिनंदन एवं फ्लैग ऑफ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, बाइक राइडर्स एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया स्मरण

मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। आज हम जिस एकीकृत भारत को देखते हैं, उसके निर्माण में लौहपुरुष सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित यह बाइक रैली केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने की यात्रा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने में अखिल भारतीय सेवाओं एवं साझा व्यवस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं, जीएसटी, आधार, वन नेशन–वन राशन कार्ड तथा राष्ट्रीय पावर ग्रिड जैसी व्यवस्थाएं देश के विभिन्न हिस्सों को एक सूत्र में जोड़ने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचारों एवं राजनीतिक दलों में मतभिन्नता हो सकती है, लेकिन देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था सर्वोपरि है। उन्होंने युवाओं से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

नक्सलवाद के विरुद्ध सामूहिक प्रयासों एवं सुरक्षा बलों के बलिदान को किया नमन

उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के कारण उत्पन्न कठिन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन एवं विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। उन्होंने देश की सुरक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों को नमन करते हुए कहा कि स्थायी शांति, विकास, बेहतर शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से ही प्रभावित क्षेत्रों को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए रखने तथा देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

‘FIGHT AGAINST DRUGS’ के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित यह देशव्यापी बाइक रैली सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश प्रसारित कर रही है। दिनांक 04 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ यह रैली देश के 28 राज्यों एवं 08 केंद्रशासित प्रदेशों से गुजरते हुए 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में संपन्न होगी। रैली के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान

समारोह के दौरान ओडिशा पुलिस बाइक रैली दल के लीडर श्री समर सिंह एवं उनके साथी बाइक राइडर्स तथा छत्तीसगढ़ पुलिस बाइक रैली दल के लीडर श्री रविन्द्र गिरी एवं उनके साथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा बाइक राइडर्स को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने नशामुक्ति के संदेश के साथ सेल्फी लेकर जनजागरूकता अभियान के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की।

हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुई राष्ट्रीय बाइक रैली

समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने राष्ट्रीय बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया। रैली आगे विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी। यह पहल राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं नशे के विरुद्ध जनजागरूकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों एवं युवाओं से अपील करती है कि वे नशे से दूर रहें तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जनपद उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि श्री गोलू यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन, रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा, उपनिरीक्षक श्री अजयकांत तिवारी, कबीरधाम पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के युवक-युवती ट्रेनर्स तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

“एक भारत, श्रेष्ठ भारत! राष्ट्रीय एकता हमारी शक्ति है, युवा हमारी पूंजी हैं और नशामुक्त समाज हमारा साझा संकल्प है।”

FIGHT AGAINST DRUGS | DRUGS FREE INDIA – STRONGER INDIA
नशामुक्त भारत, सशक्त भारत।

बाइक रैली में पुलिस कप्तान के निर्देशन पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन के द्वारा जिला पुलिस टीम के साथ बाइक रैली में राइडर्स के साथ शामिल होकर जिले के सीमा धवाई पानी तक कबीरधाम पुलिस के द्वारा निकाली गई बाइक रैली नशामुक्ति का दिया गया संदेश।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button