खास खबरछत्तीसगढ़दुर्ग भिलाईदेश दुनियाधर्मस्वास्थ्य/ शिक्षा

भिलाई शहर में अवैध बैनर-पोस्टर के खिलाफ निगम का अभियान तेज, विद्युत एवं ट्यूबलर पोल से हटाई जा रही प्रचार सामग्री

भिलाईनगर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध बैनर-पोस्टरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त सुरूचि सिंह के निर्देश पर निगम की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

निगम की टीम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों, मुख्य चौराहों और वार्डों में सड़कों किनारे लगे विद्युत पोल और ट्यूबलर पोल पर अनाधिकृत रूप से लगाए गए बैनर, पोस्टर और फ्लैक्स को हटाया जा रहा है।

हादसों की आशंका और सुंदरता पर असर
निगम अधिकारियों ने बताया कि बिजली और ट्यूबलर पोल पर अवैध रूप से लगे बैनर-पोस्टर सड़क की दृश्यता को प्रभावित करते हैं। इससे वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों और सड़क की बाधाओं को देखने में परेशानी होती है, जिससे सड़क हादसे की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे ऐसे प्रचार शहर की सुंदरता को भी खराब कर रहे हैं।

महापौर परिषद में पारित है संकल्प
निगम ने बताया कि अवैध बैनर-पोस्टर हटाने को लेकर महापौर परिषद में पहले ही संकल्प पारित किया जा चुका है। उसी के तहत यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम अमला रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण कर कार्रवाई कर रहा है।

निगम की अपील
नगर पालिक निगम भिलाई ने सभी नागरिकों, व्यावसायिक संस्थानों, कोचिंग सेंटरों और राजनीतिक-सामाजिक संगठनों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्तियों, विद्युत पोल, ट्यूबलर पोल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के बैनर-पोस्टर न लगाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button