अखिलेश के अयोध्या दौरे पर इकबाल अंसारी बोले- ‘यहां हर गलती माफ की जाती है’

उत्तर प्रदेश के विधानसभा के चुनाव पास आ रहे हैं उससे पहले ही अयोध्या को लेकर राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिल रही है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जल्द ही अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या जायेंगे. उनके इस दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है.
इस बीच बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी की प्रतिक्रिया उनके दौरे को लेकर सामने आ रही है. इकबाल अंसारी ने उनके इस दौरे का स्वागत किया है और कहा है कि सभी को दर्शन करने आना चाहिए ये भगवान राम की नगरी है. हर गलती को क्षमा किया जाता है.
क्या कहा इकबाल अंसारी ने?
मीडिया से बातचीत में अंसारी ने कहा, “अयोध्या धर्म की नगरी है और भगवान राम तथा भगवान हनुमान का निवास स्थान है. इस शहर का बहुत बड़ा धार्मिक महत्व है. यहां बहने वाली सरयू नदी और यहां की प्राचीन परंपराएं देश भर से श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती हैं. अखिलेश यादव भी अयोध्या आ रहे हैं, जो कि एक अच्छी बात है.”
उन्होंने आगे कहा, “सभी को इस शहर में आना चाहिए, ये अयोध्या की धरती है, भगवान राम की नगरी है. भगवान सभी के लिए है और सभी के लिए क्षमा है. जो मानते हैं वो आते है. दर्शन करना सभी का फर्ज बनता है. भगवान राम का आशीर्वाद लेना चाहिए और प्रार्थना करनी चाहिए.”
बीजेपी हमलावर
बता दें कि सपा के नेता तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने दावा किया था कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जयेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे. उनके इस दौरे को लेकर बीजेपी लगातार हमलावर है और कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा भी उठाया है. वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री
ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उन्हें अयोध्या आना है तो आएं, लेकिन पहले माफी मांगें.




