छत्तीसगढ़

पति की हत्या का अंधा कत्ल सुलझाने में लोहारा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

थाना-सहसपुर लोहारा जिला-कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।

पति की हत्या का अंधा कत्ल सुलझाने में लोहारा पुलिस को मिली बड़ी सफलता।

पत्नी एवं उसके चचेरे भाई ने मिलकर की थी हत्या, 24 घंटे के भीतर दोनों गिरफ्तार।

घरेलू विवाद एवं पति के अत्यधिक शराब सेवन से तंग आकर दिया वारदात को अंजाम, घटना में प्रयुक्त पत्थर एवं स्कूटी बरामद।

कबीरधाम जिला के थाना लोहारा पुलिस ने हत्या के एक अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए मृतक की पत्नी एवं उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। आरोपियों ने घरेलू विवाद तथा पति के अत्यधिक शराब सेवन से परेशान होकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर, स्कूटी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

प्रकरण का संक्षिप्त विवरण दिनांक 26 जुलाई 2026 को प्रातः लगभग 7:30 बजे प्रार्थी तुलेश साहू (पिता- महेश साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी बासिनझोरी, थाना लोहारा) ने थाना उपस्थित होकर सूचना दी कि ग्राम के एक व्यक्ति द्वारा फोन पर जानकारी मिली कि उसके पिता महेश साहू का शव लोहारा के बानो रोड स्थित दुकान के पास पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखने पर मृतक के चेहरे, दोनों हाथों की कोहनियों, दोनों पैरों के पंजों से रक्तस्राव हो रहा था तथा सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान एवं कमर के नीचे घसीटे जाने के चिन्ह दिखाई दिए। रिपोर्ट पर थाना लोहारा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 103/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री संजय ध्रुव के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा द्वारा तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया गया। साथ ही अज्ञात आरोपी की तलाश एवं साक्ष्य संकलन के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर, कपड़े एवं अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

पूछताछ में पत्नी ने खोला हत्या का राज
विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू (उम्र 35 वर्ष) से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन में उसने स्वीकार किया कि दिनांक 25 जुलाई 2026 को वह अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ स्कूटी से अपने पति के पास ग्राम बासिनझोरी आई थी। रात में पति द्वारा अत्यधिक शराब सेवन करने एवं लगातार विवाद करने के कारण दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बाद में लोहारा पहुंचने पर भी मृतक ने पुनः शराब पी और विवाद करने लगा। इससे तंग आकर नीता साहू ने अपने चचेरे भाई की मदद से पति को पकड़वाया और पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महेश साहू मौके पर अचेत होकर गिर गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर सड़क किनारे छोड़ दिया और स्कूटी से ग्राम चिमरा लौट गए।

घटना में प्रयुक्त सामग्री जब्त, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना के समय पहने गए कपड़े, घटना में प्रयुक्त एक्टीवा स्कूटी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य विधिवत जब्त किए गए। दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

सराहनीय पुलिस टीम उक्त अंधे कत्ल का सफल खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, एफएसएल टीम कवर्धा, उप निरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक रूपराम पट्टावी, पी.एस.आई. किशन नायक, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक गिरीश तिवारी, आरक्षक रवि जायसवाल, राजू सोनवानी, महिला आरक्षक मंजु निर्मलकर सहित थाना लोहारा के समस्त पुलिस स्टाफ का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।

कबीरधाम पुलिस की अपील घरेलू विवाद, नशे की प्रवृत्ति एवं पारिवारिक तनाव जैसी परिस्थितियों में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संवाद, परामर्श एवं विधिक सहायता का सहारा लें। किसी भी परिस्थिति में हिंसा अपराध है और इसके गंभीर कानूनी परिणाम होते हैं। कबीरधाम पुलिस आमजन से शांति, संयम एवं कानून का पालन करने की अपील करती है।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button