देश दुनिया

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवन गिराने के आदेश का विरोध, मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने बताया पक्षपातपूर्ण

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान द्वारा स्थापित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने के उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले की शुक्रवार को आलोचना की। बोर्ड ने कहा कि यह पक्षपातपूर्ण, प्रतिशोध की भावना से प्रेरित और अन्यायपूर्ण कार्रवाई है।

प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने और ध्वस्तीकरण का आदेश वापस लेने की मांग भी की। बोर्ड के प्रवक्ता सैयद कासिम रसूल इलियास ने कहा कि यह कार्रवाई केवल एक शैक्षणिक संस्थान के खिलाफ नहीं बल्कि मुस्लिम समुदाय की शैक्षणिक प्रगति के खिलाफ भी है।

मुस्लिम बोर्ड बोला- आजम खान के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध

सैयद कासिम रसूल ने दावा किया कि सरकारें मुस्लिम समुदाय की शैक्षणिक पिछड़ेपन को दूर करने में पर्याप्त प्रयास करने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी, त्याग और लंबे प्रयासों से स्थापित शैक्षणिक संस्थानों को किसी न किसी बहाने प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। इलियास ने आरोप लगाया कि मौजूदा कार्रवाई एक ओर आजम खान के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध को दर्शाती है और दूसरी ओर मुस्लिम समुदाय की शैक्षणिक प्रगति को और कमजोर करने का प्रयास है।

बोर्ड प्रवक्ता ने रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के इस दावे को भी खारिज किया कि विश्वविद्यालय के 40 में से 38 भवन बिना आवश्यक स्वीकृति के बनाए गए थे। इलियास ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार जिन भवनों पर कार्रवाई की जा रही है, उनके निर्माण के समय यह क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता था इसलिए भवन निर्माण की स्वीकृति लेने का कोई कानूनी प्रावधान लागू नहीं था।

जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने का आदेश

उल्लेखनीय है कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने जेल में बंद सपा नेता आजम खान द्वारा स्थापित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को भवन निर्माण की स्वीकृति नहीं लेने का हवाला देते हुए ध्वस्त करने का आदेश दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि भवनों के निर्माण के समय यह क्षेत्र आरडीए के अधिकार क्षेत्र में नहीं था जबकि प्राधिकरण का कहना है कि निर्माण के समय सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य था।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button