छत्तीसगढ़ के 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, जानिए रविवार तक कहां-कहां बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के असर से छत्तीसगढ़ का मौसम इन दिनों बदला हुआ है और कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बारिश भी दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार (20 मार्च) को दक्षिणी छत्तीसगढ़ के पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए यहां गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। इस दौरान यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने अगले 48 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने और इसके बाद अगले कुछ दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।
अगले 24 घंटों के लिए रायपुर शहर का पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आकाश में बादल छाए रहने की संभावना है, इसके साथ ही यहां गरज-चमक के साथ पानी गिरने की संभावना है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
अगले तीन दिन के मौसम का पूर्वानुमान
20 मार्च (शुक्रवार) को मौसम विभाग ने प्रदेश के नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, और इस दौरान इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और तेज बारिश होने की आशंका जताई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात होने व कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है।
21 मार्च (शनिवार) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के सुकमा और बीजापुर जिलों को छोड़कर शेष सभी जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और इस दौरान इन सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
22 मार्च (रविवार) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने व हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान सिर्फ 13 जिलों यानी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, राजनांदगांव, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
कैसा रहा बीते दिन का मौसम
बीते दिन के मौसम की बात करें तो गुरुवार को प्रदेश के जगदलपुर में 5 मिमी और पेंड्रा में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य रहा और सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया।
मौसम की सिनोप्टिक स्थितियां
झारखंड से पश्चिम असम तक फैली एक द्रोणिका अब उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के चक्रवाती परिसंचरण से होकर झारखंड, उत्तरी गंगा-क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल और दक्षिणी असम से होते हुए नागालैंड तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर तक फैली हुई है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर स्थित ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है


