रेलवे बाउंड्री विवाद को लेकर कलेक्टर को आज देंगे ज्ञापन, लोगों से मिले जनप्रतिनिधि

रेलवे फाटक नंबर 1 और 2 के बीच बनाई जा रही रेलवे बाउंड्री को लेकर उपजे विवाद के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनीता गठाला, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश सैनी व किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र गठाला ने क्षेत्र का दौरा कर वार्डवासियों से संवाद किया।
लोगों ने बताया कि पहले रेलवे द्वारा 105 से 125 फीट की दूरी पर निशान लगाए गए थे, जिन्हें हटाकर अब 80 से 85 फीट के बीच दोबारा चिह्नांकन किया जा रहा है। जबकि दूसरी ओर फाटक नंबर 1 से 2 के बीच लगभग 30 से 35 फीट पर बाउंड्री बनाई गई है। वार्डवासियों ने कहा कि जब एक ओर 30 से 35 फीट पर बाउंड्री है तो दूसरी ओर भी समान मानक अपनाया जाए। बार-बार चिह्नांकन बदलना अन्याय है। मामले में सोमवार सुबह 11 बजे कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने निष्पक्ष नाप-जोख कर समान मानक लागू करने की मांग की।



