मैदा छोड़िए! घरवालों को आटे से बने फूले-फूले, टेस्टी भटूरे खिलाइए, 1 मिनट में सीखें रेसिपी

गेहूं के आटे से आप एकदम फूले-फूले भटूरे बना सकती हैं और इनका स्वाद भी बिल्कुल मैदा वाले भटूरों जैसा ही लगता है। बस थोड़ी सी ट्रिक फॉलो करेंगी तो आटे से एकदम परफेक्ट भटूरे बना लेंगी।गरमा-गरम भटूरे खाना भला किसे पसंद नहीं। खासतौर से जब घर पर बने भटूरे हों और मम्मी के हाथ के छोले, तो बच्चे वैसे भी बड़े शौक से खाते हैं। सर्दियों में तो कई बार घरवालों की डिमांड पर छोले भटूरे बन जाते हैं। अब आमतौर पर भटूरे मैदा से बनते हैं, जो पेट में बड़ी दिक्कत करती है। तो क्यों ना घर पर आप आटे के भटूरे बनाएं? जी हां, गेहूं के आटे से आप एकदम फूले-फूले भटूरे बना सकती हैं और इनका स्वाद भी बिल्कुल मैदा वाले भटूरों जैसा ही लगता है। बस थोड़ी सी ट्रिक फॉलो करेंगी तो आटे से एकदम परफेक्ट भटूरे बना लेंगी। इंस्टाग्राम पर खूब पसंद की जा रही एक ऐसी रेसिपी यहां हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं।
आटे से भटूरे बनाने के लिए सामग्री
आटे वाले भटूरे बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत है वो हैं- गेहूं का आटा (1 कप), दही (1/4 कप), सूजी (2 चम्मच), नमक (आधा चम्मच), चीनी (आधा चम्मच), चुटकी भर बेकिंग सोडा और जरूरत के अनुसार पानी।
ऐसे बनाएं आटे के फूले-फूले स्वादिष्ट भटूरे
मैदा की जगह आप गेहूं के आटे से भी एकदम फूले-फूले, सॉफ्ट और टेस्टी भटूरे बना सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले सूजी और दही को मिलाकर एक घोल बना लें, फिर इसे ढककर लगभग 10 मिनट के लिए छोड़ दें। जब सूजी हल्की फूल जाए तो इसमें गेहूं का आटा मिलाएं। साथ ही नमक और चीनी भी एड करें। चीनी डालने से स्वाद भी बैलेंस होता है और भटूरे का कलर भी अच्छा आता है। अब चुटकी भर बेकिंग सोडा एड करें और सभी चीजों को मिक्स कर के गूंथ लें।
आटे को आपको लगभग 5 मिनट के लिए अच्छी तरह गूंथना है। ध्यान रखें कि आटा एकदम सॉफ्ट होना चाहिए, जरूरत पड़े तो हल्का सा पानी भी मिला सकती हैं। अब आटे में एक चम्मच तेल मिलाकर दोबारा 4 से 5 मिनट के लिए गूंथकर इसे चिकना कर लें। इसके बाद आटे को ढककर लगभग 2 घंटे के लिए रेस्ट करने रख दें। आटे की लोइयां बनाएं, चकले पर हल्का तेल लगाकर बेल लें और गरमा-गरम तेल में भटूरे अच्छी तरह सेंक लें। बहुत ही टेस्टी भटूरे बनते हैं। यकीन मानिए ऐसा लगेगा ही नहीं कि इन्हें आपने मैदा की जगह गेहूं के आटे से बनाया है।



