कवर्धा में गुप्ता समाज ने निकाली भव्य महर्षि कश्यप जयंती पर धूमधाम से शोभा यात्रा_सबका संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे गुप्ता सामाजिक भवन में हुई, जहां विधि-विधानपूर्वक महर्षि कश्यप की पूजा-अर्चना की गई। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तैल चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात सुबह 10:30 बजे गुप्ता सामाजिक भवन से नगर के मुख्य मार्गों पर बाइक रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों युवक शामिल हुए। रैली ने पूरे नगर में एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
आज दोपहर 2 बजे भव्य शोभायात्रा का आयोजन हुआ, जो गुप्ता सामाजिक भवन से आरंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस भवन परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान पारंपरिक रामधुनी और भजन कीर्तन के स्वर वातावरण में गूंज उठे। समाज के वरिष्ठजन जहां भक्ति गीतों में लीन थे, वहीं नवयुवक धुमाल की धुन पर उत्साहपूर्वक थिरकते नजर आए। महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी भागीदारी रही, जिन्होंने पारंपरिक परिधान धारण कर यात्रा को आकर्षक बना दिया।

शाम को 8 बजे समाज के सभी वर्गों के लिए सामूहिक जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष गीताशरण गुप्ता, मुरलीधर गुप्ता, गणेश गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, पुरुषोत्तम गुप्ता, पिंटू गुप्ता, प्रदीप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गुप्ता समाज के अध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने कहा कि गुप्ता समाज एकजुट होकर समाज सेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में निरंतर कार्य कर रहा है।”महर्षि कश्यप जयंती हमारे समाज की आस्था और गौरव का प्रतीक है। इस अवसर पर हम सब एकजुट होकर समाज के उत्थान और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी हमने बड़े उत्साह और भाईचारे के साथ यह पर्व मनाया है। गुप्ता समाज एकजुट होकर समाज सेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में निरंतर कार्य कर रहा है।” कार्यक्रम का समापन समाज की एकता और प्रगति के संकल्प के साथ किया गया



