उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा से हाड़ौती अंचल में रविवार को भी शीतलहर चली। कोटा शहर में सुबह शीतलहर चलने से गलन रही। इससे सर्दी का अहसास रहा। तीखी धूप खिली तो सर्दी से राहत मिली। हालांकि धीमी गति से सर्द हवा चलती रही। इससे घरों के अंदर गलन रही। वाहनों पर भी सर्द हवा चुभती रही। शाम ढलने के बाद वापस सर्दी का असर रहा।मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 24.0 व न्यूनतम तापमन 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 6 किमी प्रति घंटे की रही। बारां, बूंदी व झालावाड़ में भी शीतलहर से राहत रही। दिन में तेज धूप खिली।आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगेमौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 12 फरवरी की शाम से एक हल्के प्रभाव का पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान में सक्रिय होगा। इसके असर से 17 फरवरी तक बादल छाए रहेंंगे। हालांकि ये सिस्टम कमजोर होने से बारिश की संभावना कम है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी होगी।