आज से भाजपा निकालेगी भिलाई निगम के सभी 70 वार्डों में शंखनाद पदयात्रा जिलाध्यक्ष बिचपुरिया ने तय की रुपरेखा

भिलाई। भिलाई नगर निगम के 70 वार्डों में भाजपा शंखनाद पदयात्रा निकालेगी। जिला भाजपा अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया के नेतृत्व में इस यात्रा का आगाज 9 दिसंबर को वार्ड क्रमांक 1 से होने जा रहा है। पार्टी जिला भिलाई के अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया ने बताया कि वे भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ एक शंखनाद पदयात्रा के माध्यम से विभिन्न बिंदुओं को लेकर भिलाई नगर निगम वार्ड न 1 से लेकर 70 तक पदयात्रा करेंगे।
जिसमें पार्टी के पार्षद एवं छाया पार्षद, पार्टी के वरिष्ठ नेता युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अन्य मोर्चा प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता शामिल होकर निगम के द्वारा जो मूलभूत समस्याओं के सम्बन्ध में कोई काम नहीं किया जा रहा है उनको लेकर आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली जायगी और उनको एकत्र कर नगर निगम आयुक्त के सामने निराकरण हेतु ज्ञापन के माध्यम से रखा जाएगा।
श्री बिचपुरिया ने बताया कि नगर निगम में लम्बे समय से व्याप्त भ्रष्टाचार, नियमित एवं ठेका कर्मचारियों को समय पर वेतन ना मिलना ए निगम क्षेत्र में नालियों की सड़को की सफाई ना होना और गंदगी कचरे का अम्बार लगना, नालियों के अंदर से वाटर पाइप लाइन और गंदे पानी का पाइप एक साथ जाने के कारण प्रदूषित जल लोगों के घर में पहुंचना, पानी टंकियों की सफाई ना होने के कारण लोगों को प्रदूषित जल पीने के लिए मजबूर होना इन सब कारणों से पिछले दिनों डायरिया का प्रकोप पूरे कैंप एवं अन्य क्षेत्रों में फैला।
जिसकी वजह से दो परिवारों ने अपने घर के सदस्यों को खो दिया जिन्हें आज तक कोई भी मुआवजा या सहायता उन परिवारों को नहीं दी गयी और आज भी डायरिया के मरीज लगातार गंदे पानी पीने की वजह से आ रहे है और इस रोग से ग्रसित होकर के पीडि़त हो रहे है।
यात्रा के अंतिम दिन 17 दिसंबर को श्री राम चौक हुडको में एक वृहत आम सभा होगी। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव एवं अन्य प्रदेश के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, क्षेत्रीय सांसद विजय बघेल राज्यसभा सदस्य सुश्री सरोज पांडेय सुविधा अनुसार इस शंखनाद पदयात्रा में शामिल होंगे।