बीएसपी ने करायाअंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य आयोजन हुआ महिलाओं के लिए भाषण, क्वीज, परिचर्चा,कला मंदिर में संगीत संध्या का आयोजन

भिलाई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को विशेष बनाने के लिए बीएसपी के सभी नियमित महिला कर्मचारी जिसमें अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं, उन्हें विशेष उपहार प्रदान किया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रशासनिक बिल्डिंग इस्पात भवन तथा विभिन्न भवनों को विशेष रूप से सजाया गया है। इसके अतिरिक्त महिलाओं को अभिप्रेरित करने हेतु संयंत्र के विभिन्न स्थानों तथा शहर के विभिन्न जगहों पर पोस्टर, बैनर व होर्डिग्ंस लगाये गये है।
बीएसपी के विभिन्न विभागों व स्थानों में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रात: 9 बजे चेयरमेन सेल, सुश्री सोमा मण्डल ने कंपनी के महिला कर्मचारी व अधिकारियों से ऑनलाइन चर्चा की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। इसी क्रम में राजभाषा विभाग द्वारा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति स्तरीय ऑनलाइन महिला भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य महाप्रबंधक कार्मिक सुश्री निशा सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही।
इसके साथ ही बीएसपी के मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा भिलाई निवास में महिलाओं के लिए शक्ति-2022 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत क्वीज तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय था महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सेल ने लंबी दूरी तय कर ली है। इसके अतिरिक्त अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रतिभागियों ने बाधाओं के बावजूद सफलता पर आधारित अपने व्यवसायिक जीवन के अनुभवों को साझा किया।
इस कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस समारोह में शासकीय स्कूल की पूर्व प्राचार्या डॉ कृष्णा जोशी ने भी अपने सारगर्भित विचार रखें। इस समारोह में संयंत्र के कार्यपालक निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन के के सिंह महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समारोह को संबोधित किया।
संयंत्र के भीतर ब्लास्ट फर्नेस-8 में भी महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक सी एंड आईटी सुश्री सुमिता डे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ नीली कुजुर विशेष रूप से उपस्थित थी। इस अवसर पर महिलाओं पर आधारित दो लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस समारोह में ब्लास्ट फर्नेस-8 में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी तथा ठेका श्रमिक महिलाएं शामिल हुई।
संयंत्र के शिक्षा विभाग के तत्वाधान में सीनियर सेकेण्डरी स्कूल सेक्टर-7 में षिक्षकों हेतु तत्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन शोषण रोकने हेतु किये गये प्रावधानों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही नगर सेवाएं विभाग, बीआरएम आदि विभागों में भी महिला दिवस का आयोजन किया गया।