दुर्ग संभागायुक्त श्री सत्यनारायण ने जिला पंचायत का किया औचक निरीक्षण

दुर्ग संभागायुक्त श्री सत्यनारायण ने जिला पंचायत का किया औचक निरीक्षण
स्वच्छता, प्रधानमंत्री आवास, रोजगार गारंटी और पंचायत शाखा के कार्यों की ली विस्तृत जानकारी
योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश
कवर्धा, 25 सितंबर 2026। दुर्ग संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने आज जिला पंचायत कबीरधाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त श्री राठौर ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण तथा पंचायत शाखा सहित जिला पंचायत कार्यालय से संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण शाखा के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने जिले में निर्मित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की जानकारी ली। उन्होंने प्लांट का नियमित एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्लज के परिवहन के लिए आवश्यक वाहन की व्यवस्था जिले में उपलब्ध अन्य मदों से करने तथा इस कार्य का विस्तार करने का सुझाव दिया। उन्होंने प्लास्टिक यूनिट का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण से जुड़ी महिला स्वच्छाग्रहियों को आजीविका संवर्धन की गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
94 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को मिला पक्का आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त श्री राठौर ने जिले में निर्मित आवासों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कबीरधाम जिले में अब तक 94,505 ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। शेष आवास निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को प्रोत्साहित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। उन्होंने आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
425 ग्राम पंचायतों में 1015 कार्य प्रगति पर
विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण के अंतर्गत जिले में चल रहे कार्यों की भी संभागायुक्त ने समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि जिले की 425 ग्राम पंचायतों में 1,015 निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों के माध्यम से 11,800 से अधिक जरूरतमंद ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में कबीरधाम जिला प्रदेश में अग्रणी स्थान पर बना हुआ है। संभागायुक्त श्री राठौर ने योजना के तहत मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की मांग के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पंचायत शाखा में सचिवों और विभागीय प्रकरणों की ली जानकारी
पंचायत शाखा के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने जिले में कार्यरत पंचायत सचिवों की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय जांच एवं निलंबन से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना प्राधिकरण सहित अन्य योजनाओं के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपसंचालक पंचायत श्री आकाश सोनी सहित जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।



