साइबर जागृति अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस की पहल—खेल मैदान से लेकर प्रतियोगीता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तक पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश।

साइबर जागृति अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस की पहल—खेल मैदान से लेकर प्रतियोगीता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तक पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश।
स्वामी कालपात्री जी मैदान, एवं स्वामी विवेकानंद एकेडमी के युवक-युवतियों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों एवं बचाव के उपायों की दी महत्वपूर्ण जानकारी।
15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत जिलेभर में आम नागरिकों को किया जा रहा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक।
वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए कबीरधाम पुलिस द्वारा आम नागरिकों को साइबर अपराध से सुरक्षित रखने एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस द्वारा नागरिकों तक साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 23 सितंबर 2026 को पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/क्राइम श्री प्रशांत देवांगन द्वारा प्रातः स्वामी कालपात्री जी ग्राउंड में उपस्थित खिलाड़ियों तथा स्वामी विवेकानंद एकेडमी में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न सुरक्षा बलों की भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों के बीच पहुंचकर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान युवाओं को वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी नौकरी एवं अन्य ऑनलाइन प्रलोभनों के संबंध में जानकारी दी गई। साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को विश्वास में लेकर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने के तरीकों से अवगत कराते हुए सतर्कता बरतने की समझाइश दी गई।
युवाओं को विशेष रूप से समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी अथवा साइबर अपराध की घटना होने पर समय गंवाए बिना 1930 साइबर हेल्पलाइन पर तत्काल सूचना दें।
थाना एवं चौकी स्तर पर भी लगातार चल रहा साइबर जागरूकता अभियान
साइबर जागृति अभियान को जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना एवं चौकी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चल रहा साइबर जागृति अभियान
उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त 2026 से 02 अक्टूबर 2026 तक पूरे छत्तीसगढ़ में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, सम्माननीय नागरिकगण, युवाओं, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान करना है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा इस अभियान के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि साइबर सुरक्षा की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग एवं प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे, ताकि साइबर अपराध करने वाले असामाजिक तत्वों द्वारा लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने की संभावनाओं को कम किया जा सके।
कबीरधाम पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करते समय सावधानी एवं सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है।



