SECL का हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम अब कोल इंडिया में भी होगा लागू, विजिलेंस विभाग के मार्गदर्शन में विकसित हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) को कोल इंडिया स्तर पर विस्तार देने की तैयारी, 2.2 लाख से अधिक कर्मियों को मिलेगा लाभ ।

SECL का हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम अब कोल इंडिया में भी होगा लागू, विजिलेंस विभाग के मार्गदर्शन में विकसित हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) को कोल इंडिया स्तर पर विस्तार देने की तैयारी, 2.2 लाख से अधिक कर्मियों को मिलेगा लाभ ।
छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू की रिपोर्ट।
SECL में विकसित हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) को अब पूरे कोल इंडिया में भी लागू किया जाएगा। एसईसीएल द्वारा विकसित इस प्रणाली को आधार बनाकर कोल इंडिया के लिए एकीकृत अस्पताल प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाएगी जिससे कंपनी के 2.2 लाख से अधिक कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इससे विभिन्न अनुषंगी कंपनियों के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को एक साझा डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।
एसईसीएल में एचएमआईएस की शुरुआत 27 मई 2026 को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने की थी। इसका उद्देश्य मरीजों के चिकित्सा अभिलेखों को डिजिटल रूप में सुरक्षित करने के साथ अस्पताल प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाना है।
पंजीयन से उपचार तक जानकारी एक जगह
एचएमआईएस में मरीज के पंजीयन, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और दवा संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप से दर्ज करने की सुविधा है। इससे मरीज की चिकित्सा संबंधी जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहती है और जरूरत पड़ने पर पिछले अभिलेखों को देखना आसान होता है।
प्रणाली में चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों की ऑनलाइन प्रक्रिया तथा अमृत औषधि केंद्र और दवा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी शामिल किया गया है। इससे कागजी प्रक्रिया कम करने, जानकारी के बेहतर अभिलेखीकरण और विभिन्न चरणों की निगरानी में मदद मिलेगी।
विजिलेंस विभाग की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस पहल को विकसित करने और आगे बढ़ाने में एसईसीएल के विजिलेंस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विभाग के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं में डिजिटल माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर निगरानी की दिशा में कार्य किया गया। एसईसीएल में विकसित इस व्यवस्था की उपयोगिता को देखते हुए अब इसे कोल इंडिया स्तर पर विस्तार देने की दिशा में कदम उठाया गया है।
एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन ने कहा,
“एचएमआईएस के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया है। इससे चिकित्सा अभिलेखों का बेहतर प्रबंधन, प्रक्रियाओं की निगरानी और जवाबदेही को मजबूत करने में सहायता मिलेगी। एसईसीएल में विकसित इस व्यवस्था का कोल इंडिया स्तर पर विस्तार इस पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
कोल इंडिया स्तर पर एचएमआईएस के विस्तार से विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सा अभिलेखों के डिजिटलीकरण, प्रक्रियाओं में एकरूपता, बेहतर निगरानी और अस्पताल प्रबंधन में डिजिटल समन्वय को बढ़ावा मिलेगा।




