सोशल मीडिया पर माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के फोटो पर आपत्तिजनक एवं अभद्र कमेंट करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही।

सोशल मीडिया पर माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के फोटो पर आपत्तिजनक एवं अभद्र कमेंट करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही।
फेसबुक पर अभद्र एवं अश्लील कमेंट करने वाले आरोपी वरूण राजपूत एवं जित्तू चंद्रवंशी के विरुद्ध साइबर थाना कबीरधाम में अपराध दर्ज।
सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर कबीरधाम पुलिस की सख्त निगरानी।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक एवं अभद्र कमेंट किए जाने के मामलों में साइबर थाना कबीरधाम पुलिस द्वारा दो अलग-अलग प्रकरणों में वैधानिक कार्यवाही की गई है। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देशन तथा साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार शंकर राठौर के नेतृत्व में दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
प्रकरण क्रमांक 08/2026 में प्रार्थी राकेश साहू, निवासी शिवाजी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 01 कवर्धा द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई कि उनके मित्र नरेश निर्मलकर द्वारा फेसबुक पर छत्तीसगढ़ राज्य के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के फोटो अपलोड किए गए थे। उक्त फोटो पर आरोपी वरूण राजपूत द्वारा कथित रूप से आपत्तिजनक, अभद्र एवं अश्लील गाली-गलौज वाले कमेंट सार्वजनिक रूप से किए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना कबीरधाम में धारा 296 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
इसी प्रकार प्रकरण क्रमांक 09/2026 में प्रार्थी योगेश महाजन, निवासी घोठिया रोड वार्ड क्रमांक 26 कवर्धा द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई कि आरोपी जित्तू चंद्रवंशी द्वारा माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के फोटो को फेसबुक स्टोरी में लगाकर उसके संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक, अभद्र एवं अश्लील गाली-गलौज वाले कमेंट किए गए। शिकायत एवं उपलब्ध स्क्रीनशॉट के आधार पर साइबर थाना कबीरधाम में धारा 296 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
दोनों प्रकरणों में संबंधित फेसबुक अकाउंट, कमेंट एवं उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के संबंध में आवश्यक तकनीकी एवं वैधानिक जांच की जा रही है। साइबर थाना पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक कमेंट किए जाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्यवाही कर दोनों ही आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
कबीरधाम पुलिस की अपील: सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। किसी भी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि अथवा अन्य नागरिक के संबंध में आपत्तिजनक, अभद्र, अश्लील अथवा अपमानजनक कमेंट करने से बचें। सोशल मीडिया पर की गई गतिविधियां डिजिटल साक्ष्य के रूप में जांच का हिस्सा बन सकती हैं तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



