।घर पर बनाएं मक्के का छिलका, 15 मिनट में तैयार, दही और गुड़ के साथ खा लिया तो भूल नहीं पाएंगे स्वाद

मक्का का सीजन आते ही बाजार से लेकर घरों तक इसकी मांग बढ़ जाती है. जहां लोग इसे भूनकर, उबालकर या अलग-अलग तरह के व्यंजन बनाकर खाना पसंद करते हैं. इसी कड़ी में मक्के से बनने वाली एक खास डिश भी काफी पसंद की जाती है. जिसे आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है. तो चलिए आज जानते है कि मक्के का छिलका कैसे बनता है.बता दें कि भारतीय परंपरा में अलग-अलग व्यंजनों का अपना खास महत्व है और हर डिश को बनाने का तरीका भी बेहद खास होता है. कई ऐसे पारंपरिक भोजन हैं, जिन्हें बनाने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती और ये महज 10 से 15 मिनट में तैयार हो जाते हैं. मक्के के सीजन में बनने वाली ऐसी ही एक देसी डिश है मक्के का छिलका. जिसे मक्के के दाने और घर में मौजूद कुछ सामग्रियों की मदद से तैयार किया जाता है. इसका स्वाद देसी और काफी अलग होता है.गृहिणी चंपा देवी ने कहा कि इसे बनाने के लिए सबसे जरूरी है सही मक्के का चयन करना है. मक्का अगर पूरी तरह पक चुका हो और उसके दाने सख्त हो गए हों, तो उससे यह छिलका बनाना मुश्किल हो सकता है. इसके लिए दूधिया अवस्था वाला मक्का सबसे उपयुक्त माना जाता है, यानी ऐसा भुट्टा जिसके ऊपर का छिलका अभी हरा हो और अंदर के दाने नरम व रसदार हों. इसी तरह के मक्के से तैयार किया गया छिलका स्वाद में हल्का मीठा, नरम और बेहद लाजवाब लगता है.उन्होंने बताया कि इसे कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है, इसलिए मक्के के मौसम में यह ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक स्वाद के रूप में आज भी पसंद किया जाता है. मक्के के दानों को भुट्टे से अच्छी तरह निकालकर साफ पानी से धो लें, ताकि किसी तरह की गंदगी न रह जाए. इसके बाद इन ताजे और नरम दानों से मक्के का छिलका तैयार किया जाता है. खास बात यह है कि अगर मक्के के दाने पहले से निकालकर तैयार हैं, तो इस देसी व्यंजन को बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और महज 15 से 20 मिनट में इसे तैयार किया जा सकता है.आगे कहा कि मक्के का छिलका तैयार करने के लिए सबसे पहले मक्के के दानों को अच्छी तरह निकाल लें. इसमें केवल मक्के के दानों का इस्तेमाल नहीं किया जाता, बल्कि स्वाद और सही बनावट के लिए चावल भी मिलाया जाता है. इसके लिए आधा किलो ताजे मक्के के दानों में करीब 200 ग्राम फूला हुआ चावल मिलाएं. दोनों को अच्छी तरह मिलाने के बाद मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें. इस तरह मक्का और चावल का तैयार मिश्रण आगे छिलका बनाने के लिए बेस के रूप में तैयार हो जाता है.आगे कहा कि अब तैयार किए गए मक्का-चावल के मिश्रण को अच्छी तरह से एक बार मिक्स कर लें. इसके बाद गैस पर तवा रखें और उसे हल्का गर्म होने दें. मिश्रण को हाथों से लेकर तवे पर छिलके के आकार में फैलाएं और इसे हल्के हाथों से दबाकर समान रूप दें, ताकि यह तवे पर अच्छी तरह से सेट हो जाए. इसे मध्यम आंच पर धीरे-धीरे पकने दें, जिससे नीचे की तरफ हल्का सुनहरा रंग और अच्छी खुशबू आने लगे. इस तरह कुछ ही देर में मक्के का स्वादिष्ट और देसी छिलका तैयार होने लगता है.आगे कहा कि अब तैयार छिलके को तवे पर तब तक पकने दें, जब तक उसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए और वह अच्छी तरह सिककर तैयार न हो जाए. बीच-बीच में ध्यान रखें कि आंच बहुत तेज न हो, ताकि छिलका बाहर से जलने के बजाय अंदर तक अच्छी तरह पक सके. जब छिलका सुनहरा और कुरकुरा हो जाए तो इसे सावधानी से तवे से निकाल लें. अब आपका मक्के का छिलका बनकर हुआ तैयार.गर्मागर्म तैयार यह मक्के का व्यंजन को अब आप थोड़ा शीतल होने दे. इसके बाद इसे आप ताजे दही, गुड़ या फिर बोदी की सब्जी के साथ परोसकर खा सकते हैं. मक्के के छिलके का हल्का मीठा और देसी स्वाद जब दही की ठंडक, गुड़ की मिठास या बोदी की सब्जी के साथ मिलता है, तो इसका जायका और भी बढ़ जाता है. एक बार खाने के बाद इसका स्वाद आप भूल नहीं पाएंगे. मक्के के मौसम में यह पारंपरिक व्यंजन आपकी थाली का खास हिस्सा बन जाएगा.



