सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का कबीरधाम पुलिस ने किया खंडन।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का कबीरधाम पुलिस ने किया खंडन।
दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में बच्चों के लगातार घूमने एवं चोरी की फिराक में होने की खबर भ्रामक।
पुलिस ने क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश, अफवाहों से बचने की “अपील”।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यह बताया जा रहा है कि दशरंगपुर चौकी, थाना पिपरिया क्षेत्र के बस्ती में कुछ बच्चे पिछले 7 दिनों से लगातार घूम रहे हैं तथा लगातार अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं, और आगे भी चोरी की फिराक में हैं। उक्त वायरल वीडियो के संबंध में उप पुलिस अधीक्षक श्री आशीष शुक्ला द्वारा वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए वायरल खबर का खंडन किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कुछ चौक-चौराहों पर ग्रामीणों द्वारा दो व्यक्तियों को पकड़े जाने की सूचना मिली थी। पुलिस द्वारा दोनों की जांच एवं पूछताछ की गई, जिसमें दोनों नाबालिग पाए गए। नाबालिगों के परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई तथा उन्हें सख्त हिदायत देते हुए दोनों नाबालिगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कबीरधाम पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में बच्चों के लगातार घूमने अथवा उनके द्वारा लगातार चोरी करने की फिराक में होने अथवा चोरी के विभिन्न घटना को अंजाम दिया गया है, से संबंधी कोई मामला वर्तमान में पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है। सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों की पुष्टि के इस प्रकार की जानकारी प्रसारित किए जाने से आमजन में अनावश्यक भ्रम एवं भय की स्थिति उत्पन्न हो रही है और आगे भी हो सकती है।
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेंद्र कुमार यादव द्वारा दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में लगातार गश्त एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच करते हुए नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
कबीरधाम पुलिस की आमजन से “अपील”
कबीरधाम पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और न ही ऐसी सामग्री को आगे प्रसारित करें। यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देती है, तो तत्काल दशरंगपुर पुलिस को सूचना दें। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच एवं नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करेगी।
कबीरधाम पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत् सतर्क एवं सक्रिय है।



