कबीरधाम जिले में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

कबीरधाम जिले में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
जनभागीदारी से साकार होगा विकसित भारत-2047 का संकल्प
आशीर्वाद का दीया’ से होगा सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ
कवर्धा, 07 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ प्रत्येक परिवार और नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में कबीरधाम जिले में अभियान की विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा अभियान की सभी गतिविधियों के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्ययोजना एवं प्रभावी मैदानी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान को केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला तक सीमित न रखते हुए सेवा, सहभागिता और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने वाले व्यापक जनअभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगा। इस पहल के अंतर्गत जमीनी स्तर पर प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक दीप को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक के रूप में देखा जाएगा। अभियान से जुड़े मैदानी दल घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगे।
इसी क्रम में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत की संकल्पना तथा 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर आधारित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों की कल्पनाओं और विकसित भारत के प्रति उनके विचारों को प्रदर्शनी के माध्यम से सामने लाया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। इसके तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। आगामी 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों, विभिन्न योजनाओं तथा उनसे आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानियों को सरल, रोचक एवं भावनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं एवं बच्चों की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानियां भी साझा करेंगी।
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के माध्यम से शासकीय योजनाओं से लाभान्वित ऐसे नागरिकों की वास्तविक कहानियां संकलित की जाएंगी, जिनके जीवन में योजनाओं के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रत्येक कहानी में लाभार्थी का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना तथा योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी शामिल की जाएगी। इन प्रेरक कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा, ताकि योजनाओं के प्रभाव को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के माध्यम से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का अवसर मिलेगा। इसके अंतर्गत नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इसी तरह ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्रध्भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी विभिन्न गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण तथा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को विकास, नवाचार, सेवा एवं जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के सफल क्रियान्वयन में अधिकतम जनभागीदारी पर विशेष फोकस रहेगा। राज्य शासन द्वारा अभियान की सभी गतिविधियों को ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी गतिविधियों का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण करने, नियमित प्रगति रिपोर्ट तैयार करने तथा अभियान की एकरूप पहचान के लिए निर्धारित हैशटैग, फ्रेम एवं प्रचार सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।



