BSP लोहा चोरी कांड में 17वीं गिरफ्तारी, वैशाली नगर के भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार गिरफ्तार
भिलाई स्टील प्लांट के करोड़ों के स्क्रैप चोरी कांड में वैशाली नगर के कारोबारी भास्कर मुदलियार गिरफ्तार। अब तक 17 आरोपी गिरफ्तार, संगठित नेटवर्क की जांच जारी।

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के बहुचर्चित करोड़ों रुपये के लोहा चोरी कांड में दुर्ग पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। वैशाली नगर निवासी कारोबारी भास्कर मुदलियार को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर भास्कर मुदलियार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। उसकी गाड़ियां लंबे समय से प्लांट के भीतर संचालित हो रही थीं और चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहनों से उसका सीधा संबंध मिला है।
प्लांट के भीतर से मिल रही थी मदद

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, जांच में पहले ही यह स्पष्ट हो चुका है कि बीएसपी के तत्कालीन जनरल मैनेजर हिमांशु भूषण मलिक और असिस्टेंट जनरल मैनेजर मनोज कुमार देवांगन गिरोह के संपर्क में थे। आरोप है कि प्लांट के भीतर से सहयोग मिलने के कारण यह खेल लंबे समय तक चलता रहा।
फ्लू डस्ट में मिलाकर होती थी चोरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह फ्लू डस्ट में आयरन स्क्रैप मिलाकर उसे प्लांट से बाहर भेजता था। इसके बाद यह सामग्री अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स में जमा कराई जाती थी, जहां से आगे इसका कारोबार किया जाता था।
3.22 करोड़ की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
इससे पहले 6 मई 2026 को भिलाई-3 पुलिस ने अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स और हथखोज में छापेमारी कर लगभग 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया था। कार्रवाई के दौरान कई ट्रक, हाईवा, जेसीबी, हाईड्रा सहित करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
जांच जारी, और बढ़ सकती हैं गिरफ्तारियां
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि यह सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि एक संगठित नेटवर्क है। पुलिस हर पहलू की पड़ताल कर रही है और पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर आने वाले दिनों में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।



