शिवनाथ नदी में बहे दो बच्चे, एक का शव मिला
दुर्ग में जन्मदिन मनाने गए थे दोस्तों के साथ, SDRF दूसरे की तलाश में जुटी

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत छातागढ़ स्थित पीपरछेड़ी-गनियारी के पास शिवनाथ नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जन्मदिन मनाने पहुंचे आठ दोस्तों में से दो बच्चे तेज बहाव में बह गए। शनिवार सुबह SDRF की टीम ने एक बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश अभी भी जारी है।

जानकारी के अनुसार, उरला निवासी आठ दोस्त शुक्रवार दोपहर शिवनाथ नदी किनारे जन्मदिन सेलिब्रेट करने पहुंचे थे। शाम करीब चार बजे 14 वर्षीय रेहान खान और 12 वर्षीय आरव नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान दोनों गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। किनारे मौजूद एक साथी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के कारण सफल नहीं हो सका।

रात होने के कारण SDRF तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं कर सकी। शनिवार सुबह छह बजे से विशेष खोज अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे बाद घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर 14 वर्षीय रेहान खान का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया। 12 वर्षीय आरव की तलाश अब भी जारी है।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर 19 अप्रैल को भी दो युवकों की डूबने से मौत हो चुकी थी। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने नदी के खतरनाक हिस्से में सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।



