सुबह-सुबह एक्शन मोड में निगम आयुक्त, शहर के विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का किया औचक निरीक्षण

भिलाई: भिलाई नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने शनिवार सुबह शहर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। मॉर्निंग विजिट के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छता, जल निकासी और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत नेहरू भवन सुपेला से हुई, जहां आयुक्त ने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सुपेला सब्जी मंडी में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के साथ नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
आयुक्त ने चंद्रा मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाइजीनिक फूड जोन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा नव निर्मित ई-बस स्टैंड, वार्ड-8 गांधी चौक क्षेत्र तथा स्मृति नगर वार्ड-2 की ड्रेनेज व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। स्मृति नगर में संभावित जलभराव की समस्या को देखते हुए अधिकारियों को प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों में हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं और परिसर की व्यवस्थाओं का भी आयुक्त ने जायजा लिया।
निरीक्षण के समापन पर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।




