भौतिक सुख के साथ ही कला के क्षेत्रों में भी पाएंगे उन्नति, कुंडली के 4 भावों में विराजमान हों अगर शुक्र

शुक्र को वैदिक ज्योतिष में कला, सौंदर्य, भौतिक सुख, रचनात्मकता आदि का कारक माना जाता है। जिन भी लोगों की कुंडली में शुक्र शुभ अवस्था में होते हैं उनको जीवन में हर सुख-सुविधा प्राप्त हो सकती है। साथ ही शुक्र वैवाहिक और प्रेम संबंधों में भी व्यक्ति को सुखद परिणाम दिला सकते हैं। आइए ऐसे में जान लेते हैं कि किन 4 भावों में बैठा शुक्र ग्रह आपको सबसे अधिक शुभ फल प्रदान कर सकता है।
प्रथम भाव
कुंडली के प्रथम भाव यानि लग्न भाव में शुक्र का होना बेहद शुभ माना जाता है। प्रथम भाव में शुक्र के होने से व्यक्ति में गजब की आकर्षण क्षमता देखने को मिलती है। ऐसे लोग संस्कारी और समय के हिसाब से चलने वाले होते हैं। भौतिक सुखों की प्राप्ति ऐसे लोगों को जीवन में हो सकती है। कला, मीडिया, अभिनय आदि के क्षेत्रों में ये लोग उपलब्धि पा सकते हैं। ऐसे लोग अपनी वाणी से दूसरों का दिल जीत पाने में भी कामयाब होते हैं।
चतुर्थ भाव
कुंडली के चतुर्थ भाव में शुक्र को दिशा बल प्राप्त होता है। इस भाव में बैठा शुक्र व्यक्ति को पारिवारिक जीवन में खुशियां दिलाता है। ऐसे लोगों के पास सुख-सुविधा के सभी साधन हो सकते हैं। भूमि, भवन और वाहन अक्सर ऐसे लोगों के पास होता है। बिजनेस के क्षेत्र में भी ऐसे लोगों को जबरदस्त लाभ शुक्र दिला सकता है।
सप्तम भाव
सप्तम भाव में बैठा शुक्र व्यक्ति को वैवाहिक जीवन में सुख दिलाने वाला साबित होता है। ऐसे लोगों को पार्टनर भी बहुत सुंदर और संस्कारी मिल सकता है। फैशन, सौंदर्य प्रसाधन आदि के क्षेत्रों में ऐसे लोगों को जबरदस्त सफलता मिल सकती है। अपनी कलात्मक क्षमता के चलते ऐसे लोग सामाजिक स्तर पर भी ख्याति प्राप्त कर सकते हैं।
दशम भाव
कुंडली के कर्म भाव यानि दसवें भाव में भी शुक्र शुभ फल देने वाले माने जाते हैं। ऐसे लोग अक्सर कला, संगीत, डिजाइनिंग आदि के क्षेत्र में काम करते देखे जा सकते हैं। दसवें भाव में बैठे शुक्र सप्तम दृष्टि से सुख भाव को भी देखते हैं ऐसे में जीवन में हर प्रकार की सुख-सुविधा ऐसे लोगों को मिल सकती है। अच्छा घर और वाहन ऐसे लोगों के पास हो सकता है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। सबका संदेश डॉट कॉम एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)




