उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में हनी बैजर, कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ जीव

धमतरी: उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में दुर्लभ वन्यजीव हनी बैजर यानी छिंद भालू की मौजूदगी एक बार फिर सामने आई है. हाल ही में अखिल भारतीय बाघ गणना सर्वेक्षण के दौरान कैमरा ट्रैप में छिंद भालुओं के शावकों का वीडियो रिकॉर्ड हुआ है. इससे वन विभाग में उत्साह का माहौल है.
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में छिंद भालू
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में काफी संख्या में छिंद भालू पाए जाते हैं, जिन्हें हनी बैजर भी कहा जाता है. उन्होंने बताया कि ये जीव सांपों और अन्य मांसाहारी जीवों की संख्या को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वरुण जैन ने बताया कि छिंद भालू आकार में छोटे जरूर होते हैं, लेकिन बेहद खूंखार और साहसी माने जाते हैं. कई बार ये तेंदुए और बाघ जैसे बड़े शिकारी जीवों से भी भिड़ जाते हैं. उनकी मजबूत त्वचा, तेज पंजे और आक्रामक स्वभाव उन्हें अन्य वन्यजीवों से अलग बनाता है.
हनी बैजर मुख्य रूप से रात्रिचर जीव है और जंगल के घने इलाकों, झाड़ीदार क्षेत्रों, घासभूमि और दीमक वाले स्थानों में विचरण करता है. कैमरा ट्रैप में इनकी मौजूदगी दर्ज होना जंगल के स्वस्थ पारिस्थितिक तंत्र का संकेत माना जा रहा है- वरुण जैन, उप निदेशक, उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व




