पहले दिन 6 हजार कॉपियां जांची, 15 मार्च तक 31 हजार 889 और जांचनी हैं

सांची विकासखंड की कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन इन दिनों जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) रायसेन में किया जा रहा है। इस बार 69 परीक्षा केंद्रों से कॉपियां जांच के लिए डाइट पहुंची हैं। डाइट के प्रभारी प्राचार्य विजय नेमा ने बताया कि कक्षा पांचवीं के करीब 16,695 विद्यार्थियों की कॉपियां जांच के लिए आई हैं। कक्षा आठवीं के 21,194 विद्यार्थियों की कॉपियां मूल्यांकन के लिए प्राप्त हुई हैं। मूल्यांकन कार्य 5 मार्च से शुरू हो चुका है। यह 15 मार्च तक जारी रहेगा।
मूल्यांकन के पहले दिन, 5 मार्च को, शिक्षकों ने लगभग 6,000 कॉपियों की जांच की। डाइट परिसर के मुख्य द्वार पर मूल्यांकन के लिए आने वाले शिक्षकों का पंजीयन कराया जा रहा है। यहां कक्षा पांचवीं और आठवीं के लिए अलग-अलग पंजीयन व्यवस्था की गई है। इससे प्रतिदिन आने वाले शिक्षकों की संख्या का रिकॉर्ड रखा जा सके।
एक शिक्षक को रोजाना करनी होगी 50 कॉपियों की जांच एक शिक्षक को प्रतिदिन करीब 40 से 50 कॉपियां जांचने का लक्ष्य दिया गया है। कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं तथा स्थानीय परीक्षाओं के कारण कुछ शिक्षकों की कमी भी महसूस की जा रही है। शनिवार को जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) पीके रैकवार ने डाइट पहुंचकर मूल्यांकन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों से मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कॉपियों की जांच व्यवस्था का जायजा भी लिया।



