संपूर्णता अभियान 2.0 के शिविर का नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर ने किया निरीक्षण

संपूर्णता अभियान 2.0 के शिविर का नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर ने किया निरीक्षण
आकांक्षी विकासखंड बोडला में नीति आयोग द्वारा हो रहे हैं विभिन्न सूचकांक पर कार्य
संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत आयोजित शिविर से लाभान्वित हो रहे है स्थानीय ग्रामीण
कवर्धा, 02 मार्च 2026। भारत सरकार नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखण्ड बोड़ला अंतर्गत विभिन्न सूचकांक में हो रहे कार्यों को देखने नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर कबीरधाम जिला पहुँचे। इस दौरान उन्होंने बोड़ला के ग्राम पंचायत पोड़ी में आयोजित संपूर्णता अभियान 2.0 के शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा व कृषि विभाग, जनपद पंचायत एवं अन्य विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का निरीक्षण किया। केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर द्वारा चिकित्सा विभाग के स्टॉल का निरीक्षण कर वितरण किये जाने वाली दवाईयों की जानकारी ली, बी.पी.शुगर, एनीमिया, सिकल सेल जांच, एवं मलेरिया, डायरिया जैसे बीमारियों की रोकथाम के संबंध में क्षेत्र की जनता को जागरूक करने हेतु उपस्थित चिकित्सकों से जानकारी ली गई। सीएमएचओ द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से लेकर सभी स्तर के चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी तथा जन जागरूकता के लिए विभिन्न क्लस्टरों में शिविरों के माध्यम से कार्य करने की बात बताई। महिला बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रो, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को दिये जाने वाले पूरक पोषण आहार का प्रदर्शन स्टॉल में करते हुए जानकारी दी गई। इस दौरान तीन बच्चों को खीर खिलाते हुए अन्नप्राशन संस्कार केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर द्वारा किया गया। शिविर के निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आकांक्षी विकासखण्ड बोड़ला में संपूर्णता अभियान 2.0 का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 28 जनवरी से प्रारंभ होकर 14 अप्रेल 2026 तक संचालित होगा। इस दौरान बोड़ला विकासखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर का आयोजन कर शासकीय विभाग स्थानीय समुदाय को अपने योजनाओं के द्वारा शत-प्रतिशत लाभान्वित कर रहे है। इसी क्रम में संपूर्णता अभियान 2.0 की गतिविधियों का निरीक्षण करने केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राकेश कुमार टोन्डर द्वारा भारत सरकार नीति आयोग के निर्देश पर कबीरधाम जिले के आकांक्षी विकासखंड बोडला प्रवास पर रहे। शिविर में स्कूल शिक्षा, कृषि, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न योजनाओं से स्थानीय समुदाय को लाभान्वित किया जा रहा है। शिविर में संपूर्णता अभियान 2.0 के लिए चिन्हांकित सभी विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को दे रहे हैं। इस दौरान जिला एवं जनपद पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



