सुबह की बनी रोटी लंच तक रहेगी सॉफ्ट, जानें इसे स्टोर करने का सही तरीका

सुबह के समय अधिकतर लोग ताजी रोटियां बनाकर रख लेते हैं। हालांकि, लंच होते-होते ये रोटियां कई बार काफी सख्त और सूखी हो जाती हैं। कई बार तो इन रोटियों को खाना भी काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर आप भी इस तरह की समस्या से परेशान हैं, तो कुछ खास किचन टिप्स को फॉलो कर रोटियों को लंबे समय तक सॉफ्ट रख सकते हैं।
रोटी बनाते समय सही से सेकें
रोटी को स्टोर करने से पहले सबसे जरूरी है कि उसे सही तरह से सेंका जाए। कई बार अधिक सिकने के कारण रोटी की नमी पूरी तरह खत्म हो जाती है, जिससे रोटी तुरंत ही सख्त हो जाती है। ऐसे में मध्यम आंच पर फूली हुई और हल्की नरम रोटी तैयार करें।
खुली हवा में न छोड़ें
कई लोग रोटी बनाते समय रोटियों को तवे से हटाकर खुली हवा में छोड़ देते हैं। इससे रोटी की भाप निकल जाती है, जिससे रोटी सख्त हो जाती है। रोटी को नरम रखने के लिए उसे तुरंत किसी साफ सूती कपड़े या किचन टॉवल में लपेट दें।
हॉट केस का करें उपयोग
आप रोटियों को हॉट केस या एयरटाइट कंटेनर में भी स्टोर कर सकते हैं। रोटियों को स्टोर करने के लिए यह सबसे अच्छा विकल्प होता है। दरअसल, इसमें रोटियां लंबे समय तक गर्म और मुलायम बनी रहती हैं। वहीं, अगर आपके पास हॉट केस नहीं है, तो आप रोटियों को एयरटाइट डिब्बे में भी स्टोर कर सकते हैं। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि एयरटाइट डिब्बे का ढक्कन अच्छी तरह बंद हो।
रोटियों में लगाएं घी या मक्खन
रोटियों को लंबे समय तक नरम बनाए रखने के लिए आप उनके ऊपर हल्का-सा घी या मक्खन लगा सकते हैं। इससे रोटियां सूखती नहीं हैं और लंबे समय तक सॉफ्ट बनी रहती हैं। अगर आप बच्चों के लिए टिफिन या ऑफिस के लिए लंच बॉक्स पैक कर रहे हैं, तो रोटियों पर घी या मक्खन जरूर लगाएं।



