छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

दुर्ग-भिलाईवासियों का इंतजार हुआ खत्म: भिलाई से दुर्ग की ओर जाने सुपेला फ्लाईओवर हुआ शुरू,

भिलाई। दुर्ग-भिलाईवासियों का लंबे इंतजार के बाद और कुम्हारी के पश्चात शुक्रवार को सुपेला फ्लाईओवर आज से ट्रेफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और गृहमंत्री के खास समर्थक एवं प्रदेश महामंत्री अरूण सिसोदिया, कांग्रेस प्रवक्ता राजेश शर्मा, झुग्गी झोपडी प्रकोष्ट के अध्यक्ष सरशिष घोष, राजू पाल, फारूक खान, सादिक रजा सहित कई लोगों की मौजूदगी में भिलाई से दुर्ग की दिशा में शुरू कर दिया गया है। फिलहाल चार पहिया व दुपहिया वाहन इस दिशा में गुजरेंगे। दिसंबर 2022 तक दोनों ओर से आवाजाही शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कुम्हारी के बाद सुपेला फ्लाईओवर को आज दोपहर एक तरफ से शुरू कर दिया गया है।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात विश्वास चन्द्राकर एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात गुरजीत सिंह की मौजूदगी में साक्षरता चौक के पास पावर हाउस से दुर्ग की दिशा में फ्लाईओवर पर हल्के वाहनों को छोड़ा गया। इसके साथ ही फोरलेन सड़क पर आवाजाही करने वालों का लगभग तीन साल का इंतजार करीब करीब पूरा हो गया है। फिलहाल इस फ्लाईओवर में दुर्ग से रायपुर की दिशा में किसी भी तरह के वाहनों को गुजरने पर रोक लगाई गई है। आगामी दिसंबर महीने तक दोनों ओर से आवाजाही शुरू करने की तैयारी रखी गई है।

गौरतलब रहे कि सुपेला से कुम्हारी तक फोरलेन सड़क पर चार फ्लाईओवर का निर्माण पौने तीन साल पहले शुरू किया गया था। जिसमें से कुम्हारी का फ्लाईओवर सबसे पहले बना। अब आज से सुपेला में चन्द्रा-मौर्या और घड़ी चौक को जोड़ते हुए बने सबसे बड़े फ्लाईओवर को एक तरफ  से हल्के वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इससे चन्द्रा-मौर्या चौक और सुपेला के घड़ी चौक पर के पास यातायात संबंधी बनने वाली परेशानी काफी हद तक नियंत्रित हो जाने से लोगों को राहत मिलने लगेगी। एक तरफ से हल्के वाहनों के फ्लाईओवर से गुजरने पर नीचे वाली सड़क में लगने वाली जाम की समस्या कम होने का अनुमान है।

एनएचआई के ओएसडी गोविंद अहिरवार ने बताया कि गुरुवार को सुपेला फ्लाईओवर पर ट्रायल सफल रहने के बाद शुक्रवार से इसे एक तरफ से खोल दिया गया है। जो काम अभी बचे हुए हैं उसे जल्द से जल्द पूरा कर दिसंबर 2022 तक सुपेला फ्लाईओवर में दोनों तरफ से आवाजाही शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी तरह का लक्ष्य पावर हाउस फ्लाईओवर को जनवरी 2023 तक शुरू करने रखा गया है। इसके बाद डबरा पारा फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने जोर लगाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button