पहाड़ों में भारी बर्फबारी, तो मैदानी इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड Heavy snowfall in the mountains, then the cold increased due to rain in the plains

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में इस बार जमकर बर्फबारी हुई. कुमाऊं में नैनीताल, अल्मोड़ा, रामगढ़, मुक्तेश्वर समेत कई पहाड़ी इलाके बर्फ की सफेद चादर से ढके हुए नजर आए. वहीं हल्द्वानी, रुद्रपुर, किच्छा, जसपुर व आसपास के मैदानी इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ गई. पहाड़ों में पर्यटक बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं.
भारी बर्फबारी के चलते पहाड़ों में कुछ जगहों पर सड़कें पूरी तरह बर्फ से ढकी हुई हैं. नैनीताल व आसपास में बर्फ गिरने की खबर मिलते ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों के पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. पहाड़ जाने के लिए हल्द्वानी होकर गुजरना होता है, लिहाजा शहर में कई किलोमीटर लंबा जाम भी देखने को मिला.
नैनीताल के एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि जिले में अलर्ट जारी किया गया है. पर्वतीय क्षेत्रों नैनीताल, भवाली, मुक्तेश्वर, धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ समेत कई क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है. सभी लोग मौसम के अनुकूल होने पर ही यात्रा करें और सुरक्षित रहें.

एसएसपी ने आगे कहा कि आपातकालीन स्थिति में नैनीताल पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 05942-235847 या 112 पर कॉल कर मदद ले सकते हैं




