छत्तीसगढ़
पल्स पोलियो अभियान-2021 कलेक्टर श्री साहू ने सभी वर्गों के लोगों को सहयोग करने की अपील की

पल्स पोलियो अभियान-2021
कलेक्टर श्री साहू ने सभी वर्गों के लोगों को सहयोग करने की अपील की
0 से 5 वर्ष तक के 19 हजार से ज्यादा बच्चों को पिलायी जायेगी
पोलियो की खुराक
नारायणपुर 29 जनवरी 2021 – राष्ट्रीय पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत नारायणपुर जिले में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान आगामी रविवार 31 जनवरी को संचालित होगा। कलेक्टर श्री धर्मेश कुमार साहू ने जिले के शून्य से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने और अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने अभिभावको का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि वे 31 जनवरी रविवार को शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को सबसे पहले निकट के बूथ में ले जाकर उन्हें पोलियो की दवा पिलाएं। कलेक्टर ने 0-5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को निर्धारित दिवस पर पल्स पोलियो बूथ में ले जाकर पोलियो की दो बूंद खुराक अवश्य पिलाने का आग्रह पालकों, अभिभावकों और जनसाधारण से किया है। कलेक्टर ने इस दिशा में जनप्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों सहित गणमान्य नागरिकों तथा ग्रामीणों से सक्रिय रूप से सहभागिता निभाने की भी अपील की है, ताकि बच्चो को अपंग बनाने वाली इस घातक बीमारी से समाज को मुक्त किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ए.आर.गोटा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सघन पल्स पोलियो अभियान हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। जिले मंे 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 19 हजार 243 बच्चोेें को 31 जनवरी को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक पल्स पोलियो की खुराक पिलायी जायेगी। जिसके तहत् प्रथम दिन पल्स पोलियो बूथ में बच्चों की पोलियो की दवा पिलायी जायेगी, और इसके पश्चात दो दिवसों तक संबंधित टीकाकरण दलों द्वारा घर-घर संपर्क कर पल्स पोलियो की खुराक लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को दी जायेगी। इस हेतु जिले में 410 पल्स पोलियो बूथ बनाये गये हैं, जिसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। इसके साथ ही जिले के हाट-बाजारों, टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड में लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने के लिए 2 मोबाईल टीम तथा 8 ट्रांजिट दल बनाये गये हैं। जिले में पल्स पोलियो अभियान के सुचारू संचालन हेतु 24 सुपरवाईजरों की नियुक्ति भी की गई है। टीकाकरण दल को कोविड-19 संक्रमण रोकथाम हेतु मास्क का उपयोग और समय-समय पर सेनेटाईजर का उपयोग सहित शासन द्वारा जारी गाईड लाईन का पालन करने के निर्देश दिये गये हैं।