वोरा के नेतृत्व में विधानसभा का प्रदर्शन दोहराने में जुटे कांग्रेसी

दुर्ग। विधानसभा चुनाव में दुर्ग शहर से बड़े अंतर से जीत का प्रदर्शन लोकसभा चुनाव में भी दोहराने विधायक अरुण वोरा के नेतृत्व में कांग्रेसी पूरी तरह से जुट गए हैं। लोकसभा में बड़े क्षेत्र एवं समयाभाव को देखते हुए विधायक वोरा ने दुर्ग में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिमा चंद्राकर के पक्ष में प्रचार करने के लिए अपनी तरफ से कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। इस कड़ी में उन्होने शनिवार को वार्ड 41 केलाबाड़ी, 42 कसारीडीह, 43 मुक्त नगर एवं गुरुघासीदास वार्ड 44 में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया एवं प्रतिमा चंद्राकर को विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान वोरा ने कांग्रेस की उपलब्धियां बताते हुए केन्द्र सरकार की विफलताएं भी गिनाई। उन्होने कहा कि केन्द्र की अराजक नीतियों से सर्वहारा वर्ग परेशान है और जनता केन्द्र में भी परिवर्तन चाहती है। एक तरफ जहां कांग्रेस ने देश को मनरेगा, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा का अधिकार, शिक्षा का अधिकार जैसी बड़ी सफल योजनाएं दी। वहीं दूसरी तरफ भाजपा की सरकार आते ही लोगों को झाड़ू पकड़ाकर पकौड़े बेचने की सलाह दी गई। देश का माहौल कांग्रेस के पक्ष में है और केन्द्र में निश्चित रुप से कांग्रेस सरकार बनने जा रही है।