छत्तीसगढ़

अपने भविष्य को सुंदर कैसे बनाएं जानिए- ज्योतिष

*अपने भविष्य को सुंदर कैसे बनाएं जानिए- ज्योतिष
बनाने के लिए – पूर्ण पुरुषार्थ, सत्य का पालन, और ईश्वर विश्वास, इन तीन गुणों को अवश्य धारण करें।
लोग अपना भविष्य उत्तम बनाना चाहते हैं। बड़ी तीव्र इच्छा है। परंतु केवल इच्छा से तो कार्य सिद्ध नहीं होता। उसके लिए *पूर्ण पुरुषार्थ* करना भी आवश्यक है।
कुछ लोग पुरुषार्थ भी करते हैं। परंतु पूरा पुरुषार्थ नहीं करते। बीच-बीच में आलस्य प्रमाद आदि दोष भी करते रहते हैं। और जो पुरुषार्थ विधिपूर्वक करना चाहिए, विधिपूर्वक भी नहीं करते। कुछ लोगों को विधि की जानकारी भी नहीं होती, कि किस प्रकार से पुरूषार्थ किया जाये। और कुछ लोग आलसी प्रमादी होते हैं। विधि को जानते हुए भी वे आलस्य और लापरवाही करते हैं, जिससे कि परिणाम अच्छा नहीं आता।
पुरुषार्थ के बाद, सफलता का अगला कारण है सत्य का पालन।अनेक बार लोग दूसरों को वचन देते हैं, कि मैं आपका यह कार्य इतने समय में पूरा कर दूंगा. परंतु कभी तो अपने वचन का पालन करते हैं, कभी नहीं करते। उनमें वचन का पालन करने की दृढ़ता नहीं होती।
अनेक बार वे निर्णय लेने में भी कमजोर पड़ जाते हैं। “क्या करना चाहिए,” इस विषय में ठीक से निर्णय भी नहीं ले पाते। जब निर्णय ठीक से नहीं हो पाता, तो वचन का पालन भी ठीक प्रकार से नहीं हो पाता, जिसके कारण उन्हें असफलता का मुंह देखना पड़ता है।
अपने भविष्य को सुंदर बनाने के लिए तीसरा कारण है *ईश्वर विश्वास.* अनेक लोग सदा संशय में रहते हैं, कि हम मेहनत कर तो रहे हैं, पता नहीं सफलता मिलेगी या नहीं? अर्थात पूरे उत्साह से कार्य नहीं करते। न तो उन्हें स्वयं पर विश्वास होता है, और न ही ईश्वर की न्याय व्यवस्था पर। यदि वे लोग अपने अंदर ईश्वर की न्याय व्यवस्था पर दृढ़ विश्वास भी उत्पन्न कर लें, और पूरे उत्साह के साथ पुरुषार्थ करें, तो निश्चित रूप से समय आने पर उत्तम परिणाम प्राप्त होंगे। ईश्वर न्यायकारी है। यदि आपने बुद्धिमत्ता से, ईमानदारी, और पूरी मेहनत से काम किया है, तो ईश्वर के न्याय के अनुसार आपको उत्तम परिणाम मिलेगा ही। इसमें संशय नहीं रखना चाहिए।
कभी-कभी कुछ दूसरे लोग, अथवा परिस्थितियां बाधक बन सकती हैं। और हो सकता है तत्काल परिणाम न भी मिले। फिर भी आप का किया हुआ पुरुषार्थ व्यर्थ नहीं जाएगा। आपको तो फल मिलेगा ही। चाहे अभी तत्काल मिले, चाहे देर में मिले, चाहे अगले जन्म में भी मिले। आपका किया हुआ कर्म कहीं व्यर्थ नहीं जाएगा। ईश्वर पर इतना विश्वास रखकर चलना चाहिए। फिर देखिए, सफलता आपके कदम चूमेगी। आपका भविष्य बहुत सुंदर होगा।

Related Articles

Back to top button